एशियाई देश वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह आज से तीन दिवसीय भारत दौरे पर हैं, जहां पर भारत के साथ द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए अपने समकक्ष प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक करेंगे।
वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह द्विपक्षीय रणनीतिक संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए तीन दिवसीय भारत यात्रा पर आ रहे हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा कि चिन्ह 30 जुलाई से 1 अगस्त तक भारत की राजकीय यात्रा पर आएंगे। भारत वियतनाम को अपनी एक्ट ईस्ट नीति का एक प्रमुख स्तंभ और अपने इंडो-पैसिफिक विजन में एक महत्वपूर्ण साझेदार मानता है।
विज्ञापन
1 अगस्त को महात्मा गांधी को देंगे श्रद्धांजलि
वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह के साथ कई मंत्रियों, उप-मंत्रियों और व्यापार जगत के नेताओं सहित एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के आने की उम्मीद है। वियतनाम के प्रधानमंत्री के दौरे के प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार 1 अगस्त को उनका राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में अतिथि नेता का औपचारिक स्वागत किया जाएगा, जिसके बाद वे महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए राजघाट जाएंगे।
पीएम, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति से करेंगे मुलाकात
विदेश मंत्रालय के अनुसार एक अगस्त को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह के बीच द्विपक्षीय चर्चा होने वाली है। जबकि अपने तीन दिवसीय भारत दौरे के दौरान फाम मिन्ह चिन्ह भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ से भी मुलाकात करेंगे। विदेश मंत्रालय के अनुसार, विदेश मंत्री एस जयशंकर के भी वियतनाम के प्रधानमंत्री फाम मिन्ह चिन्ह से मुलाकात करने की उम्मीद है।
विज्ञापन
भारत और वियतनाम में ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंध
विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में कहा गया है कि भारत और वियतनाम के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक और सभ्यतागत संबंध हैं, जो सितंबर 2016 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वियतनाम यात्रा के दौरान व्यापक रणनीतिक साझेदारी के स्तर तक पहुंच गए।