केरल में एक आरोपी की तरफ से एक युवक की पिटाई का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें आरोपी युवक के घर में घुसकर उसे बाहर निकालकर लोहे की रॉड से उस पर बेरहमी से हमला करता दिख रहा है। इसके बाद उसने हमले के वीडियो को अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया था।
केरल में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक आरोपी युवक को लोहे की रॉड से बुरी तरह मारता हुआ दिख रहा है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित के घर में घुसकर उसे जबरन बाहर निकाला और फिर उस पर हमला किया। इतना ही नहीं, उसने इस हमले का वीडियो बनाकर अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर भी लगाया है।
विज्ञापन
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
आरोपी की पहचान श्रीराज के रूप में हुई है, जो मुलवुकाड के थंथोन्नी थुरुथ द्वीप का रहने वाला है। जिसे पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार किया। यह हमला थ्रिक्काकारा पुलिस स्टेशन क्षेत्र में हुआ। पुलिस ने इस मामले में पहले ही केस दर्ज कर लिया था।
पहले से कई अपराधों में शामिल है आरोपी
आरोपी श्रीराज के खिलाफ पहले से ही केरल एंटी-सोशल एक्टिविटीज (केएएपीए) एक्ट के तहत 10 से ज्यादा केस दर्ज हैं। वह कोच्चि पुलिस की सीमा से बाहर कर दिया गया था, लेकिन कानून का उल्लंघन करते हुए उसने छिपकर शहर में रहना शुरू कर दिया था। जानकारी के मुताबिक, आरोपी श्रीराज के खिलाफ घर में घुसकर महिलाओं पर हमला करने, हत्या की कोशिश और पॉक्सो कानून के तहत केस दर्ज हैं।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने भागने की कोशिश की
वहीं इस मामले में गिरफ्तारी के दौरान भी आरोपी श्रीराज ने भागने की कोशिश की। वह पहले भी पुलिस से बचने के लिए समुद्री दलदल में कूद जाता था। लेकिन इस बार पुलिस ने सटीक योजना बनाकर उसे चारों तरफ से घेर लिया और पकड़ लिया।
आरोपी को फिल्मों से मिली हिंसा की प्रेरणा
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी श्रीराज ने पूछताछ में बताया कि उसने हाल ही में रिलीज हुई एक फिल्म से प्रेरित होकर इस तरह की हिंसा की। हमले के पीछे एक लड़की से संबंध होने की बात भी सामने आई है। पुलिस फिलहाल मामले की गहराई से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपी न्यायिक हिरासत में है।