ओडिशा के एक मंत्री की बेटी का फोटोग्राफी के लिए वर्जित इलाके में अपनी दोस्तों के साथ घूमने के मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। एक वीडियो में कथित तौर पर दिख रहा है कि हीराकुंड बांध के निषिद्ध क्षेत्र में चार लड़कियां सैर कर रही हैं। इनमें से तीन लड़कियां अभिनेत्री हैं और चौथी लड़की राज्य के स्वास्थ्य मंत्री एनके दास की बेटी है।
हीराकुंड बांध इलाके में फोटोग्राफी निषिद्ध है। इसका पता तब चला जब इनमें से एक लड़की प्रकृति मिश्रा ने एक वीडियो सोशल मीडिया साइट इंस्टाग्राम पर साझा किया। संबलपुर के एसपी कंवर विशाल सिंह ने इस सिलसिले में हीराकुंड एसडीपीओ से रिपोर्ट मांगी है। ये लड़कियां हीराकुंड से बुरला की यात्रा कर रही थी।
रास्ते में वे हीराकुंड बांध के निषिद्ध क्षेत्र में रुकीं और फोटो एवं कुछ वीडियो बनाए। इंस्टाग्राम पर शेयर वीडियो वायरल होने के बाद हटा भी लिया गया।