कुछ ही देर में देश के अगले उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के नतीजे सामने आ जाएंगे। पांच बजे मतदान पूर्ण होने के बाद छह बजे से वोटों की गिनती जारी है। इस पद के लिए राजग उम्मीदवार जगदीप धनखड़ और विपक्ष की उम्मीदवार मार्गरेट अल्वा के बीच मुकाबला था। वहीं, अधिकारियों ने बताया कि उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनावों में टीएमसी के दो सांसदों शिशिर कुमार अधिकारी और दिब्येंदु अधिकारी ने मतदान किया। वहीं, भाजपा सांसद सनी देओल मतदान से नदारद रहे।
अधिकारियों के मुताबिक, उपराष्ट्रपति चुनाव में शाम पांच बजे मतदान खत्म होने तक करीब 93 फीसदी मतदान दर्ज किया गया। कुल 780 सांसदों में से 725 सांसदों ने मतदान शाम पांच बजे तक मतदान किया। इस चुनाव में 55 सांसदों ने अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं किया। मतदान में भाग ना लेने वालों में सपा और शिवसेना के दो सांसद, बसपा के एक सांसद ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया।
टीएमसी के फैसले के खिलाफ आए पिता-पुत्र
गौरतलब है कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी ने पहले ही उपराष्ट्रपति पद के लिए होने वाले चुनावों से पार्टी के दूर रहने का फैसला किया था। वहीं, आज मतदान के दौरान पार्टी आलाकमान के फैसले के खिलाफ जाकर टीएमसी के दो सांसदों शिशिर कुमार अधिकारी और दिब्येंदु अधिकारी ने मतदान किया। इससे पहले तृणमूल सांसद और लोकसभा में पार्टी के नेता सुदीप बनर्जी ने कांथी के सांसद शिशिर अधिकारी और तमलुक के सांसद दिब्येंदु अधिकारी को पत्र भेजा था। इसमें उन्होंने दोनों से मतदान नहीं करने के लिए कहा था। गौरतलब है कि शिशिर कुमार अधिकारी भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के पिता है, वही, दिब्येंदु अधिकारी उनके भाई हैं। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस के लोकसभा में 23 और राज्यसभा में 13 सांसदों सहित कुल 36 सांसद हैं। पार्टी आलाकमान के निर्देशों के मुताबिक, इस चुनाव से टीएमसी के 34 सांसदों ने दूरी बनाए रखी।
सनी देओल ने वोटिंग से बनाई दूरी
उपराष्ट्रपति पद के मतदान से दूर रहने वाले सांसदों में भाजपा के भी कई सांसद शामिल हैं। इनमें सनी देओल और संजय धोत्रे का नाम शामिल है। इन दोनों भाजपा सांसदों ने ने मतदान में अपनी हिस्सेदारी नहीं निभाई। इसके अलावा मतदान के दौरान अनुपस्थित रहने वाले प्रमुख विपक्षी सांसदों में समाजवादी पार्टी के मुलायम सिंह यादव और शफीकुर रहमान बर्क शामिल थे।
पीएम मोदी ने किया सबसे पहले मतदान
भारत के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान सुबह 10 बजे शुरू हुआ था। इसमें पीएम मोदी सबसे पहले मतदान किया था। वहीं, पूर्व प्रधान मंत्री मनमोहन सिंह व्हीलचेयर में मतदान के लिए पहुंचे। वोटिंग के दौारान खड़े होने और वोट करने में सीपीएम सांसद जॉन ब्रिटास ने उनकी मदद की। उनके अलावा गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और वाणिज्य मंत्री और राज्यसभा में सदन के नेता पीयूष गोयल ने सुबह जल्दी ही संसद भवन पहुंचे।
कोरोना से संक्रमित होने के बावजूद कांग्रेस सांसद अभिषेक सिंघवी ने किया मतदान
कोरोना से संक्रमित होने के बावजूद कांग्रेस सांसद अभिषेक सिंघवी उपराष्ट्रपति पद के लिए हो रहे मतदान में भाग लेने पहुंचे। वह यहां पीपीई किट पहनकर आए थे। उन्होंने वोट करने के बाद ट्वीट कर कहा कि संतुष्ट हूं कि मैंने उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में तीसरे कार्यकाल के सांसद के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन किया है। भले ही अलौकिक पोशाक पहनकर मैने वोट किया।