विश्व हिंदू परिषद ने कहा है कि अयोध्या में भगवान राम मंदिर के निर्माण के लिए लोग दान देने को आगे आ रहे हैं। परिषद के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करने के लिए विहिप ने देश भर से धन इकट्ठा करने का फैसला किया है।
एकत्रित धनराशि का उपयोग 108 एकड़ भूमि के विकास के लिए किया जाएगा। इसमें संग्रहालय, अभिलेखागार, पुस्तकालय, सत्संग भवन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए हम सरकारी धन को स्वीकार नहीं करेंगे। सरकारी धन का उपयोग अयोध्या के समग्र विकास के लिए किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण में दान बढ़ाने के लिए विहिप चार लाख से ज्यादा गांवों में जाएगी और यहां रहने वाले 11 करोड़ परिवारों तक पहुंचेगी। इसके अलावा उन्होंने यह भी बताया कि तेलंगाना में दान लेने की इस प्रक्रिया को शुरू करने के लिए संगठन ने राज्य का दौरा किया है। तेलंगाना में नौ हजार गांवों तक पहुंचे हैं जिनमें 40 लाख परिवारों में तीन करोड़ से अधिक लोग रहते हैं।