नोटबंदी पर देशव्यापी हो हल्ले और राजनीतिक दलों द्वारा हो रही आलोचनाओं के बीच केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि इस कदम से पीछे हटने की उसकी कोई मंशा नहीं है। केंद्रीय मंत्री वैंकेया नायडू ने साफ कहा है कि सरकार किसी भी हाल में अपने कदम से पीछे हटने नहीं जा रही है।
सोमवार को एक मीडिया समूह के कार्यक्रम में शिरकत करते हुए नायडू ने कहा कि नोटबंदी के बाद बैंकों में जमा हुआ सभी पैसा अपने आप वैध नहीं माना जाएगा सरकार इस पर कड़ी निगरानी रख रही है। 30 दिसंबर की समय सीमा के बाद जमा की गई सभी रकम की समीक्षा की जाएगी इसके बाद ही लोगों को पैसा निकालने की छूट दी जाएगी।
नायडू उस सवाल का जवाब दे रहे थे जिसमें आरोप लगाया गया था कि बाजार में जारी नकदी का 85 फीसदी यानि कुल 14 लाख करोड़ अभी बैंकों में जमा हो चुका है लेकिन अभी तक उस कालेधन का पता नहीं लग सका है जिसका सरकार दावा कर रही थी। नायडू ने कहा कि हमें किसी नतीजे पर पहुंचने से पहले 30 दिसंबर तक का इंतजार करना चाहिए। तय सीमा पूरी होने के बाद ही स्पष्ट तस्वीर लोगों के सामने आ सकेगी।