अपने आवास के बाहर हुए तोड़फोड़ की घटना पर वकील गुणरत्न सदावर्ते ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि जब तक उनके नसों में खून चल रहा है, तब तक वह गैर आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए लड़ना जारी रखेगें।
महाराष्ट्र में मराठा आरंक्षण के खिलाफ मुकदमा लड़ने वाले वकील गुणरत्न सदावर्ते के मुंबई आवास के बाहर तोड़-फोड़ की गई। गुरुवार की सुबह उनके आवास के बाहर उनके वाहनों को तोड़ दिया गया। पुलिस फिलहाल इस मामले की जांच कर रही है।
विज्ञापन
अपने आवास के बाहर हुए इस घटना पर वकील गुणरत्न सदावर्ते ने मीडिया से बात की। उन्होंने कहा, 'जब तक मेरे नसों में खून चल रहा है, तब तक मैं गैर आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए लड़ना जारी रखूंगा। मैं अपने देश को वर्ग के आधार पर बंटने नहीं दूंगा। हम 'जय श्री राम' और 'वंदे मातरम' कहते हैं। आज मेरे वाहनों को तोड़ा गया। शायद मेरी हत्या भी कर दी जाए, लेकिन मैं पीछे नहीं हटूंगा। मैं नहीं डरूंगा।'
महाराष्ट्र में सरकारी नौकरियों और शिक्षा में मराठा समुदाय को आरक्षण प्रदान कराने को लेकर प्रदर्शन तेज हो रहा है। कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बुधवार 25 अक्तूबर से फिर एक बार आनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है। इस आरक्षण के तहत राज्यभर के सभी मराठा समुदाय को कुंबी प्रमाण पत्र देने की मांग की गई है। दरअसल, कुंबी को अन्य पिछड़ी जाति के तहत आरक्षण का लाभ मिलता है।