फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

महाराष्ट्र: मुंबई में छोटी दिवाली पर मंदिर में तोड़फोड़, गार्ड को धमकी देकर की आरती; बैनर फाड़े, दो गिरफ्तार

Mon, 09 Nov 2026 05:26 PM IST
प्रशांत तिवारी पीटीआई, मुंबई

सार

मुंबई के आरे इलाके स्थित राम मंदिर में शनिवार शाम 30 से 40 लोगों का एक समूह कथित तौर पर सुरक्षा गार्ड को धमकाकर जबरन घुस गया। आरोपियों ने मंदिर में आरती की, एक बोर्ड को काले स्प्रे से खराब किया और भगवान हनुमान की तस्वीर वाला धार्मिक बैनर फाड़ दिया। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
अपराध - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुंबई के एक मंदिर में लोगों के एक समूह द्वारा कथित तौर पर सुरक्षा गार्ड को धमकाकर जबरन घुसने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि आरोपियों ने मंदिर परिसर में आरती की, वहां लगे एक बोर्ड को खराब कर दिया और एक धार्मिक बैनर फाड़ दिया। यह घटना शनिवार शाम आरे इलाके के राम मंदिर में हुई। मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि 15 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर अशांति फैलाने की कोशिश समेत कई आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञापन


 15 लोगों के खिलाफ दर्ज हुई एफआईआर
आरे पुलिस स्टेशन के एक अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दो लोगों में से एक की पहचान अमित पाठक के रूप में हुई है। यह मामला आरे इलाके के मारोल चेक नाका स्थित 'लेउवा पाटीदार समाज राम मंदिर ट्रस्ट' के ट्रस्टी जयेश अंबावी पटेल (46) की शिकायत पर दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जांच जारी है।

सोशल मीडिया पोस्ट के बाद मंदिर में जुटे 30 से 40 लोग
पुलिस अधिकारी ने बताया कि अमित पाठक ने कथित तौर पर 'हिंदू रक्षक सेना' और 'सकल हिंदू समाज' के नाम से सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा किए थे। इन पोस्ट में लोगों से शनिवार को मंदिर परिसर में इकट्ठा होकर 'हनुमान चालीसा' का पाठ और 'महा आरती' करने की अपील की गई थी, ताकि एक स्थानीय विवाद को सुलझाया जा सके। हालांकि, अधिकारी ने इस विवाद के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। इन पोस्ट के बाद 30 से 40 लोगों का एक समूह मंदिर परिसर में जमा हो गया।
विज्ञापन


कॉलर पकड़कर दी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी
शिकायत के अनुसार, पाठक और उसके साथियों ने मंदिर के सुरक्षा गार्ड नंदलाल केवट के साथ बदसलूकी की। उन्होंने उसे गालियां दीं, उसका कॉलर पकड़ा और लाइटें चालू करने के लिए मजबूर किया। साथ ही उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई। इसके बाद आरोपियों ने मंदिर में आरती की। आरती के बाद पाठक ने कथित तौर पर भड़काऊ बयान देते हुए कहा कि मंदिर सभी के लिए खुला रहना चाहिए और इसके लिए मैनेजिंग ट्रस्ट से अनुमति लेने की कोई जरूरत नहीं है।

बोर्ड पर काले स्प्रे से की तोड़फोड़
पुलिस अधिकारी ने बताया, 'इसके बाद आरोपी ने मंदिर की दीवार पर लगे एक बोर्ड को काले स्प्रे पेंट से खराब कर दिया। फिर वह एक लोहे की सीढ़ी पर चढ़ा और 'श्री लेवा पाटीदार बजरंग सत्संग मंडल' का एक फ्लेक्स बैनर फाड़ दिया, जिस पर भगवान हनुमान की तस्वीर थी। इसके बाद वह अपने साथियों के साथ नारे लगाते हुए वहां से चला गया।" पुलिस ने बताया कि पूरी घटना मंदिर में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है। ट्रस्टी ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि पाठक ने पहले फेसबुक पर ट्रस्ट के सदस्यों को निशाना बनाते हुए अपमानजनक सामग्री पोस्ट की थी।

ये भी पढ़ें: प्रधानमंत्री के बस्तर दौरे पर राहुल हमलावर: कहा- जवानों को पीएम के वादों पर भरोसा नहीं, बहस की चुनौती दोहराई
विज्ञापन


BNS की धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस ने रविवार को 15 लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। इन पर आपराधिक धमकी देने, नुकसान पहुंचाने, सार्वजनिक उपद्रव करने और धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर हरकतें करने का आरोप है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच की जा रही है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें