मामले की जांच में जुटी पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के भद्रेश्वर इलाके में ‘नीले ड्रम’ से एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। यह घटना उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए चर्चित ‘नीले ड्रम’ हत्याकांड की याद दिला रही है। जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने श्वेतपुर इलाके में दिल्ली रोड के पास एक खेत में बोरियों से बंधा एक नीला ड्रम पड़ा देखा। संदेह होने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रम खोलकर देखा तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला।
पुलिस के अनुसार, शव की हालत बेहद भयावह थी। युवक का गला कटा हुआ था, शरीर नग्न अवस्था में था और उसे जलाने की भी कोशिश की गई थी। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए चुचुड़ा स्थित अस्पताल भेज
दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक की हत्या कहीं और की गई और सबूत मिटाने के लिए शव को ड्रम में भरकर यहां फेंक दिया गया।
ये भी पढ़ें:
कोलकाता में तेज आंधी-बारिश में फंसा ममता का हेलिकॉप्टर, चुनाव प्रचार से लौट रहीं थीं CM
पुलिस आसपास के इलाकों में छानबीन कर रही है और मृतक की पहचान के साथ-साथ घटना में शामिल लोगों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। हाल के दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में ‘नीले ड्रम’ में शव मिलने की घटनाएं सामने आने के बाद इस मामले को भी गंभीरता से लिया जा रहा है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की हर पहलू से जांच जारी है।