केरल के पूर्व विधायक पी.सी.जॉर्ज की पत्नी उषा जॉर्ज ने केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मैं इतनी गुस्से में हूं कि अपने पिता की रिवॉल्वर से सीएम को गोली मारने के लिए भी तैयार हूं।
केरल के पूर्व विधायक पी.सी.जॉर्ज की पत्नी उषा जॉर्ज ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन उनके पति और परिवार को प्रताड़ित कर रहे हैं। मेरे पति ने उनके भ्रष्टाचार का पर्दाफाश किया इसलिए पुलिस ने उन्हें झूठे केस में गिरफ्तार किया है। उन्होंने कहा कि मैं इतनी गुस्से में हूं कि अपने पिता की रिवॉल्वर से सीएम को गोली मारने के लिए भी तैयार हूं। दरअसल यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ में मामले में शनिवार को पी.सी.जॉर्ज को तिरुवनंतपुरम पुलिस ने हिरासत में लिया था।
विज्ञापन
ये है मामला
दरअसल केरल के पूर्व विधायक पी.सी.जॉर्ज के खिलाफ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। तिरुवनंतपुरम पुलिस ने शनिवार को उन्हें हिरासत में लिया था। हालांकि अब उन्हें अदालत से जमानत मिल गई है। उनके खिलाफ एक घोटाले के मामले में भी शिकायत दर्ज थी। पूर्व विधायक जॉर्ज के खिलाफ आईपीसी की धारा 354 और 354 ए के तहत मामला दर्ज किया गया है।
उत्पीड़न का आरोप मनगढ़ंत- उषा जॉर्ज
पी.सी. जॉर्ज की पत्नी उषा जॉर्ज, बेटे शॉन जॉर्ज और बहू पार्वती शॉन का कहना है कि पीसी पर उत्पीड़न का आरोप मनगढ़ंत है। इसके पीछे मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन का हाथ है। उषा जॉर्ज ने कहा कि हमें जिस तरह से प्रताड़ित और परेशान किया जा रहा है। पिनाराई विजयन भी एक सप्ताह के भीतर यह सब झेलेंगे। उन्होंने कहा कि यह सब सही नहीं है। मैं उन्हें देख लूंगी। मैं अपने पिता की रिवाल्वर से उसे गोली मारना चाहती हूं।