अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (फाइल फोटो)
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया, बेटी इवांका, दामाद जेरेड कुशनेर और अपने शीर्ष अधिकारियों के साथ दो दिवसीय भारत पहुंच गए हैं। ट्रंप 36 घंटों तक भारत में रहेंगे। इस दौरान ट्रंप क्या खाएंगे, उन्हें क्या परोसा जाएगा इसे लेकर काफी चर्चा है।
ट्रंप के खाने से बीफ गायब
ट्रंप को टोमेटो सॉस के साथ बीफ बेहद पसंद है लेकिन ट्रंप जब तक भारत में रहेंगे उनके मेन्यू से बीफ गायब रहेगा। सीएनएन की रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। ट्रंप के मेन्यू में केवल शाकाहारी चीजें ही शामिल की गई हैं, जिन्हें गुजराती स्टाइल में तैयार किया जाएगा। राष्ट्रपति ट्रंप का अहमदाबाद के साबरमती आश्रम जाने का भी कार्यक्रम है वो वहीं पर ही भोजन करेंगे।
शेफ सुरेश तैयार करेंगे ट्रंप के लिए भोजन
फॉर्च्यून लैंडमार्क होटल के शेफ सुरेश खन्ना को अमेरिकी राष्ट्रपति, प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप और पीएम मोदी के लिए भोजन तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई है। शेफ सुरेश खन्ना ने बताया कि ट्रंप के खाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
खमण ढोकला और ब्रोकली-कॉर्न समोसा शामिल
शेफ सुरेश ने कहा कि ट्रंप के लिए फॉर्च्यून सिग्नेचर कुकीज, गुजरात का स्पेशल खमण ढोकला और ब्रोकली-कॉर्न समोसे को मेन्यू में रखा गया है। ट्रंप को खमण ढोकला बहुत पसंद है। सुरेश खन्ना पीएम मोदी को पसंद स्पेशल अदरक और मसाला चाय भी तैयार करेंगे। आइस टी और ग्रीन टी को भी मेन्यू में जगह दी गई है।
फूड इंस्पेक्टर टेस्ट करेंगे खाना
खन्ना ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी के अलावा कई अन्य गणमान्य लोगों की सेवा की है। वह पिछले 17 सालों में गुजरात दौरे पर आने वाले अतिथि के लिए मेन्यू तैयार कर रहे हैं। खन्ना के मुताबिक, तैयार किए गए पूरे खाने को पहले फूड इंस्पेक्टर टेस्ट करेंगे, इसके बाद ही खाने को मेहमानों के सामने परोसा जाएगा। गुजरात के बाद ट्रंप आगरा में ताजमहल का दीदार करेंगे और उसके बाद वो दिल्ली पहुंचेंगे।