एरिक एम. गार्सेटी
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत में अमेरिका के नवनियुक्त राजदूत एरिक गार्सेटी भारत पहुंच गए हैं। नई दिल्ली स्थित अमेरिकी दूतावास के कर्मचारियों ने एरिक गार्सेटी का स्वागत किया। खास बात ये है कि एरिक गार्सेटी ऑटो से अमेरिकी दूतावास पहुंचे। अमेरिकी दूतावास ने इसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया है। बता दें कि अमेरिका दूतावास की कुछ कर्मचारी आने जाने के लिए ऑटो का इस्तेमाल करती हैं और बीते दिनों जब अमेरिकी विदेश मंत्री भी भारत दौरे पर आए थे तो उन्होंने भी ऑटो की सवारी का आनंद उठाया था।
दो साल बाद हुई अमेरिकी राजदूत की नियुक्ति
बता दें कि भारत में अमेरिकी राजदूत की नियुक्ति बीते दो साल से अटकी हुई थी। दरअसल अमेरिका में डोनाल्ड ट्रंप सरकार की विदाई के बाद भारत में अमेरिका के राजदूत ने इस्तीफा दे दिया था। जिसके बाद 2021 में बाइडन ने लॉस एंजेलेस के पूर्व मेयर एरिक गार्सेटी को भारत में अमेरिका का नया राजदूत नियुक्त किया। हालांकि गार्सेटी पर लॉस एंजेलेस का मेयर रहते हुए अपनी एक सहकर्मी का यौन उत्पीड़न करने का आरोप था, जिसके चलते अमेरिकी सीनेट ने गार्सेटी के नाम को मंजूरी नहीं दी थी। इसके बाद जांच कमेटी बैठी और पूरे एक साल तक सुनवाई हुई। सुनवाई पूरी होने के बाद वोटिंग हुई, जहां बीते मार्च में एरिक गार्सेटी के नाम पर मुहर लग गई।
लंबे समय से भारत में अमेरिकी राजदूत की नियुक्ति ना होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। भारत में विपक्ष ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा था। वहीं अमेरिका के कई सांसदों ने भी भारत में लंबे समय तक राजदूत की नियुक्ति ना होने पर चिंता जाहिर की थी।