संघ लोकसेवा आयोग (यूपीएससी) ने बृहस्पतिवार को सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 2018 के परिणाम घोषित कर दिए। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के साथ ही अन्य केंद्रीय सेवाओं में चयन के लिए सितंबर-अक्तूबर में मुख्य परीक्षा कराई गई थी।
782 पदों के लिए कराई गई मुख्य परीक्षा में 1994 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। ये अभ्यर्थी अब व्यक्तित्व परीक्षण (पर्सनॉलिटी टेस्ट) में शामिल होंगे। यूपीएससी से जारी बयान में कहा गया है कि व्यक्तित्व परीक्षण के वक्त अभ्यर्थियों को शैक्षणिक योग्यता, उम्र आदि संबंधी वास्तविक प्रमाणपत्र पेश करने होंगे।
व्यक्तित्व परीक्षण धौलपुर हाउस, शाहजहां रोड स्थित यूपीएससी में अगले साल 4 फरवरी से शुरू होगा। प्रवेश पत्र जनवरी में जारी होंगे। अभ्यर्थी मुख्य परीक्षा का परिणाम यूपीएससी की वेबसाइट
http://www.upsc.gov.in पर देख सकते हैं।