महाराष्ट्र में सरकार बनाने में नाकाम रहने के बाद अब भाजपा, शिवसेना-एनसीपी-कांग्रेस गठबंधन पर आक्रमक रूख अपनाएं हुए है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में उनके रिश्तेदार और शिवसेना की युवा इकाई युवा सेना के सचिव वरुण सरदेसाई की उपस्थिति को लेकर विवाद हो गया है।
सरदेसाई के अलावा आदित्य ठाकरे भी सोमवार को राज्य सचिवालय में आयोजित बैठक में मौजूद थे। आदित्य ठाकरे मुम्बई के वर्ली से शिवसेना के विधायक होने के साथ ही युवा सेना के प्रमुख भी हैं। युवा सेना उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना की युवा इकाई है। सरदेसाई के बैठक में शामिल होने की कुछ तस्वीरें वायरल हुई थी। वरुण सरदेसाई मुख्यमंत्री की पत्नी रश्मि ठाकरे के भतीजे हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के मुख्य प्रवक्ता माधव भंडारी ने कहा कि ऐसा लग रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय के अलावा एक वैकल्पिक शक्ति केंद्र बनाया जा रहा है। ऐसा दोबारा नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह नई सरकार द्वारा स्थापित की जा रही गलत परंपरा है।भंडारी ने कहा कि यह सरकार के कामकाज की गोपनीयता का भी उल्लंघन है।
राकांपा के मुख्य प्रवक्ता नवाब मलिक ने इस मामले में कहा कि ठाकरे सरकार पूरी तरह से एक नई सरकार है जिसे कोई प्रशासनिक अनुभव नहीं है। मलिक की पार्टी राकांपा ठाकरे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र विकास अघाडी सरकार में एक सहयोगी है। मलिक ने यह भी कहा कि घटना की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
मामले में अपना पक्ष रखते हुए सरदेसाई ने कहा कि यह मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है कि आधिकारिक बैठकों में किसे उपस्थित होना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पर्यटन के विकास संबंधी बैठक थी और जो चर्चा हुई वह पहले से ही सार्वजनिक है। बैठक गृह विभाग को लेकर संवेदनशील जानकारी से संबंधित नहीं थी।
सरदेसाई ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस भी आधिकारिक बैठकों में शामिल हुई थीं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने सोमवार को राज्य के पर्यटन विभाग को बैंकॉक स्थित ‘ओशन वर्ल्ड’ की तर्ज पर मुंबई में एक बहु-स्तरीय ‘एक्वेरियम’ विकसित करने के प्रस्ताव का मसौदा तैयार करने का आदेश दिया था।
‘ओशन वर्ल्ड’ थाईलैंड में एक लोकप्रिय पर्यटक आकर्षण है। ठाकरे का यह आदेश यहां महाराष्ट्र पर्यटन विकास निगम (एमटीडीसी) के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद आया। मुख्यमंत्री ने बैठक में प्रमुख पर्यटन परियोजनाओं के साथ ही प्रस्तावित परियोजनाओं की समीक्षा की।