एआईएमआईएम के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर के दौरान राज्य सरकार के इससे निपटने के तरीके पर ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने निशाना साधा। ओवैसी ने सोमवार को कहा कि गोरखपुर के लोग इसे याद रखेंगे और प्रदेश के विधानसभा चुनाव में योगी आदित्यनाथ के खिलाफ वोट डालेंगे। भाजपा ने योगी आदित्यनाथ को गोरखपुर (शहर) विधानसभा सीट से मैदान में उतारा है।
ओवैसी ने हैदराबाद में संवाददाताओं से कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान जिस तरह योगी सरकार लापता रही और जनता को अपने हाल पर छोड़ दिया। उत्तर प्रदेश और गोरखपुर में भी शव नदी में तैर रहे थे। मुझे उम्मीद है कि गोरखपुर के लोग इसे याद रखेंगे और योगी आदित्यनाथ के खिलाफ उचित फैसला लेंगे।
उत्तर प्रदेश विधानसभ चुनाव के लिए उनकी पार्टी एआईएमआईएम की तैयारियों से जुड़े सवाल पर हैदराबाद से सांसद ओवैसी ने कहा कि वे पूरी तरह से चुनाव लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और नियमों का अनुपालन कर रैलियां आयोजित करेंगे।
8 जनवरी को हुआ था चुनावों का एलान
उत्तर प्रदेश समेत पांच राज्यों में चुनावों की तारीखों का एलान शनिवार (8 जनवरी) को हो गया। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा सात चरणों में मतदान होंगे। नतीजे 10 मार्च को आएंगे। आयोग ने बताया कि पहले चरण की वोटिंग 10 फरवरी को होगी। दूसरे फेज में 14 फरवरी, तीसरे फेज में 20 फरवरी, चौथे फेज में 23 फरवरी, पांचवें फेज में 27 फरवरी, छठे फेज में तीन मार्च और सातवें फेज में सात मार्च को वोटिंग होगी।
इस बार प्रदेश में महिला वोटर्स की संख्या 29 फीसदी बढ़ी है, जो पांचों राज्यों में सबसे ज्यादा है। पिछली बार उत्तर प्रदेश में सात चरण में 11 फरवरी से आठ मार्च के बीच मतदान हुआ था और 11 मार्च 2017 को नतीजे घोषित हुए थे।