यूपी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस गठबंधन का एक स्गोलन 'यूपी को ये साथ पसंद है' 14 विधानसभा क्षेत्रों में फिट नहीं बैठ रहा है। इसलिए इन सीटों पर दोनों पार्टियों के उम्मीदवार एक-दूसरे के खिलाफ ताल ठोकने के लिए तैयार हैं। हालांकि, ये भी खबर है कि अभी दोनों पार्टी के शीर्ष नेताओं के बीच बातचीत जारी है।
सबसे अधिक घमासान रायबरेली और अमेठी जिले में हो रहा है। गठबंधन के बावजूद अमेठी व रायबरेली की सभी विधानसभा सीटों पर कांग्रेस के चुनाव लड़ने के पीछे दबाव की राजनीति मानी जा रही है। सूत्रों की मानें तो कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपना गढ़ बचाने के लिए इस दबाव में आ रहे हैं।
कांग्रेस शुरू से ही अपनी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी व उपाध्यक्ष राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली व अमेठी को लेकर कोई समझौता करने के मूड में नहीं है। 2012 के विधानसभा चुनाव में सपा ने यहां से सात सीटें जीती थीं। जबकि तीन सीटें ही कांग्रेस के पास रही हैं।