बुर्का है बुर्का..! बुर्के के पीछे बुर्कानशीं है...
बुर्कानशीं को बेपर्दा न कर दूं.. तो बीजेपी मेरा नाम नहीं
वैसे ऊपर की लाइनें असल में 'पर्दा है पर्दा.. पर्दे के पीछे पर्दानशीं है, पर्दानशीं को बेपर्दा न कर दूं.. तो अकबर मेरा नाम नहीं..' की तर्ज पर हैं और ये सुपरहिट गीत है फिल्म अमर अकबर एंथनी का, जिसमें अकबर बने ऋषि कपूर पर ये गाना फिल्माया गया है। ये बात 1977 की है पर आज 2 मार्च 2017 को इसलिए अचानक याद आ गई क्योंकि यूपी चुनाव के छठे और सातवें चरण में बुर्काधारी वोटरों पर बीजेपी की निगाहें जम गई हैं।
दरअसल, बीजेपी ने छठे और सातवें चरण की वोटिंग से पहले चुनाव आयोग को खत लिखकर बूथों पर महिला पुलिस अधिकारियों की तैनाती की मांग की है। ताकि बुर्काधारी वोटरों की पहचान की जा सके।
BJP writes to EC demanding deployment of women Police officials at booths in VI & VII phase of polling to check voter ID of burqa-clad women pic.twitter.com/2WiWHOhJlQ
— ANI UP (@ANINewsUP) March 2, 2017
In letter to EC,BJP also asked for deployment of Paramilitary forces at polling booths in sensitive areas for VI & VII phase of UP election
— ANI UP (@ANINewsUP) March 2, 2017
चुनाव आयोग को लिखे पत्र में बीजेपी ने कहा है कि अगले चरणों में बड़ी संख्या में बुर्काधारी वोटर मतदान करेंगे। ऐसे में फर्जी मतदान रोकने के लिए इनकी वोटर आईडी की पहचान जरूरी है।
इसके साथ ही बीजेपी ने अपने पत्र में पोलिंग बूथों पर अर्धसैनिक बलों की तैनाती की भी मांग की है। पार्टी की दलील है कि छठे और सातवें चरण के कुछ इलाके बेहद संवेदनशील हैं, ऐसे में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम जरूरी है।
बता दें कि यूपी चुनाव के आखिरी दो चरणों में 4 और 8 मार्च को वोट डाले जाएंगे। वोटिंग के अब तक के मौजूदा रुझानों को देखते हुए बीजेपी सहित सभी पार्टियों के लिए आखिरी दो चरण बहुत महत्वपूर्ण है। अध्यक्ष अमित शाह और पार्टी के दूसरे बड़े नेताओं सहित बीजेपी का पूरा लाव-लश्कर चुनाव प्रचार के लिए पूर्वांचल के गढ़ बनारस में डेरा डाले हुए हैं।
छठे चरण में 4 मार्च को 49 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में महाराजगंज, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ और बलिया में मतदान होंगे।
सातवें चरण से पहले बीजेपी के प्रचार अभियान को और धार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 मार्च को बनारस में रैली कर पार्टी के लिए वोट मांगेंगे।
चुनाव के आखिरी और सातवें चरण में 40 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस दौर में बनारस में वोटिंग होगी, जोकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का क्षेत्र है। सातवें चरण के जिलों में गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर, भदोही, सोनभद्र और जौनपुर शामिल हैं।