गोवा में कुछ महीने पहले दो विमानों के आमने-सामने आने के बाद सभी एयरलाइन्स कंपनियों को नोटिस जारी कर निर्देश दिया गया है कि कोई भी एयरलाइन्स तब तक किसी विदेशी पॉयलट को विमान उड़ाने की जिम्मेदारी नहीं देगी जबतक कि वो भारतीय रक्षा वायु क्षेत्र से भली भांति परिचित न हो जाए।
यह फैसला अक्टूबर में गोवा एयरपोर्ट पर स्पाइजेट और गोएयर एयरलाइन्स के विमान के रनवे पर आमने-सामने के मामले में जांच के बाद लिया गया। जांच में पाया गया कि गोएयर एयरलाइन्स के पॉयलट के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर्स द्वारा भेजे गए संकेतों को समझ नहीं पाए जिसकी वजह से यह हादसा हुआ था।
जांच में शामिल अधिकारी ने बताया कि भविष्य में दोबारा ऐसा हादसा न हो इसलिए गोएयर एयरलाइन्स समेत सभी एयरलाइन्स को नोटिस भेजा गया कि वो सभी विदेशी पॉयलटों को पहले सभी जरूरी दिशा-निर्देशों की जानकारी देंगे उसके बाद ही विमान उड़ाने की जिम्मेदारी देंगे। बता दें कि एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के पास कुल 100 एयरपोर्ट के प्रबंधन की जिम्मेदारी आती है जिनमें से 26 एयरपोर्ट भारतीय रक्षा वायु क्षेत्र के अंदर आते हैं।