मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दरबार में आने वाले फरियादियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क बनाया गया है। सोमवार से हिंदू सेवाश्रम में लगे जनता दरबार से इसकी शुरुआत हो गई। पहले दिन करीब 150 फरियादियों को इस डेस्क से सहायता दी गई।
इसके लिए दरबार में अमित सिंह मोनू, शेषनाथ योगी, डंडा बाबा, गणेश तिवारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। डेस्क पर विशेषकर उन लोगों को मदद में तरजीह दी जा रही है, जो लिखने और पढ़ने में कमजोर हैं। डेस्क पर तैनात लोग इनकी समस्याओं को सुनकर, शिकायत पत्र लिखने में मदद करते हैं। साथ ही संबंधित काउंटर पर जाने की सलाह देते हैं।
अब तक जनता दरबार में आने वाले शिकायती पत्रों में समस्याओं के सही तरीके से न लिखे होने या फरियादी का नाम पता साफ न लिखे होने से उसके निस्तारण में दिक्कतें आ रही थीं। इसे लेकर हेल्प डेस्क बनाया गया, ताकि मुकम्मल तरीके से समस्याओं की पैरवी की जा सके। हिंदू सेवाश्रम में भी तिलक हॉल की तरह सात विभागों के काउंटर बनाए गए हैं, जहां फरियादियों ने समस्याएं दर्ज कराईं।
हिंदू सेवाश्रम में शिकायतों का ब्यौरा
कार्यालय शिकायतें
डीएम 70
कमिश्नर 50
विकास भवन 19
विद्युत 12
एसएसपी 42
डीआईजी 07
आईजी 07
कुल 207