चुनाव नजदीक आते ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पूरी फार्म में दिखाई देने लगे हैं। फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में एक कालेज के कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हमने चुनाव से पूर्व किए गए अपने सारे वादे पूरे किए हैं, सरकार जनता की सभी उपेक्षाओं पर खरी उतरी है। जल्द ही लोगों को 24 घंटे बिजली भी मिलने लगेगी। उन्होंने विकास के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी को भी बहस की चुनौती दे डाली।
शिकोहाबाद के एके महाविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव रविवार दोपहर शिकोहाबाद पहुंचे थे। यहां काफी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद सीएम ने कालेज के कार्यक्रम में शिरकत की।
यूं तो मंच गैर राजनीतिक ही था लेकिन मुख्यमंत्री ने सपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करने के लिए इसका भरपूर इस्तेमाल किया। मुख्यमंत्री अखिलेश ने दावा किया सपा सरकार ने अपने चार साल के कार्यकाल में प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। जनता और प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को सपा सरकार में ही हरी झंडी दी गई है। अखिलेश ने कहा केंद्र की सरकार जहां है वहीं विकास नहीं हुआ। लखनऊ से दिल्ली एक्सप्रेस वे को हमारी सरकार ने मात्र 20 महीनों में पूरा कर दिया। नेताजी ने हमसे इसे इसी सरकार में पूरा करने के लिए कहा था हमने इसे 36 की बजाय 20 महीने में ही पूरा कर डाला।