देश में कोरोना की दूसरी लहर का कहर अब थमता हुआ नजर आ रहा है। कोरोना के फैलते और भयानक संक्रमण को रोकने के लिए अलग-अलग राज्यों ने लॉकडाउन का सहारा लिया और इसके बलबूते कोरोना की संक्रमण दर इतनी तेजी से नीचे लेकर आए। अब कोरोना के दैनिक मामलों में कमी की वजह से कुछ राज्यों ने बुधवार यानी आज से कोरोना प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी है।
कोरोना के दैनिक मामले अब लगातार पिछले एक हफ्ते से एक लाख से कम दर्ज किए जा रहे हैं। बीते 24 घंटे में देश में कोरोना वायरस के दैनिक मामले 60 हजार से ज्यादा दर्ज किए गए थे। हालांकि दैनिक मौतों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा और हर दिन दो हजार या तीन हजार से ज्यादा लोग कोविड की वजह से मारे जा रहे हैं। कोरोना में गिरावट के चलते कई राज्यों ने आज से प्रतिबंधों में ढील देनी शुरू कर दी है...
बिहार
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को ट्वीट कर जानकारी दी थी कि 16-22 जून तक राज्य में कोरोना प्रतिबंधों में ढील दी जा रही है। इस एक हफ्ते के अनलॉक के दौरान सरकारी और निजी कार्यालयों का समय बढ़ाकर शाम पांच बजे तक कर दिया है। इसके अलावा दुकानों के बंद होने का समय शाम छह बजे तक कर दिया है। वहीं रात आठ बजे से सुबह पांच बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा रहेगा।
पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल सरकार ने भी कोरोना के मामलों में गिरावट के चलते बड़ा फैसला लिया है। राज्य सरकार ने 16 जून से 50 फीसदी क्षमता के साथ दोपहर 12 बजे से रात आठ बजे के बीच रेस्त्रां और बार को खोलने की अनुमति दे दी है। मॉल्स के अंदर स्थित बार को भी खोला जा सकेगा।
राजस्थान
राजस्थान सरकार ने एलान किया है कि 10 से ज्यादा कर्मचारियों वाले सभी सरकारी और निजी कार्यालयों को 50 फीसदी क्षमता के साथ खोला जा सकता है। हालांकि इस दौरान चेहरे पर मास्क लगाना और सामाजिक दूरी बानए रखना बेहद आवश्यक होगा।
पंजाब
कोरोना के कम होते मामलों को देखते हुए पंजाब सरकार ने एलान किया है कि बुधवार से 50 फीसदी क्षमता के साथ रेस्त्रां, सिनेमा हॉल और जिम खुल सकते हैं।
असम
असम सरकार की ओर से 16 जून से लेकर 22 जून तक लॉकडाउन के प्रतिबंधों में छूट दी गई। नए आदेशानुसार, दक्षिण सलमारा, माजुली बोंगाईगांव, चिरांग, उदलपुरी, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, दीमा हसाओ और चराइदेव जिलों में लॉकडाउन जैसे प्रतिबंधों में ढील दी गई है। इस दौरान यहां के लोग सुबह पांच बजे से शाम पांच बजे तक आवाजाही कर सकते हैं।