Bengal: केंद्रीय नेता सुकांत मजूमदार ने कहा कि चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में पहले ही कहा है कि वह देशव्यापी मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) करेगा। हालांकि कई राजनीतिक दल इसका विरोध कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध स्वीकार्य है, पर पश्चिम बंगाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी द्वारा उपयोग किए गए अपमानजनक और धमकी भरे शब्द हैरान करने वाले हैं।
मतदाता गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर केंद्रीय सुकांत मजूमदार ने शनिवार को कहा कि चुनाव आयोग ने सुप्रीम कोर्ट में एक जनहित याचिका (पीआईएल) में पहले ही जिक्र किया है कि वह देशभर में यह प्रक्रिया चलाएंगे। कई राजनीतिक दल और एसआईआर का विरोध कर रहे हैं और हमारे खिलाफ हैं। उन्होंने कहा, लोकतंत्र में विरोध को अच्छी तरह स्वीकार किया जाता है। हालांकि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी की ओर से इस्तेमाल किए गए अपमानजनक और धमकी भरे शब्द वाकई हैरान करने वाले हैं।
उन्होंने आगे कहा, मेरा सवाल यह है कि ममता बनर्जी एसआईआर का इतना जोरदार विरोध क्यों कर रही हैं? इसका मतलब है कि फर्जी नाम, मृत मतदाता या स्थानांतरित मतदाता या घुसपैठिए, ये ममता बनर्जी का वोट बैंक हैं। मजूमदार ने कहा, तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के नेतृत्व के सभी सांसद, विधायक हमें धमकी दे रहे हैं कि वे खून बहाएंगे। मैं देखना चाहता हूं कि टीएमसी के पास सुकांत मजूमदार के सीने में कितनी गोलियां हैं।
विज्ञापन
एसआईआर की तैयारी जोरों पर
बंगाल में एसआईआर की तैयारियां चरम पर हैं। इसी बीच बूथ मैपिंग की प्रक्रिया की आखिरी तारीख 18 अक्तूबर तक बढ़ा दी गई है। जानकारी के अनुसार, सात जिलों में बूथ मैपिंग पूरी तरह से 2002 के एसआईआर डाटा से मिलान करके पूरी कर ली गई है।
इन सात जिलों में 100 फीसदी मिलान हो चुका है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बाकी जिलों में भी यह प्रक्रिया जल्द ही पूरी कर ली जाएगी। हालांकि अब भी कुछ जिलों में काम बाकी है। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय ने बाकी जिलों को निर्देश दिया है कि दीवाली की छुट्टियों से पहले 18 अक्तूबर तक यह प्रक्रिया पूरी कर ली जाए।
इसी बीच, पूरे पश्चिम बंगाल में 3.48 करोड़ मतदाताओं के नाम चुनाव आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किए जा चुके हैं। ये नाम 2002 के एसआईटी डाटा से मिलान के बाद अपडेट किए गए हैं। साल 2025 की मतदाता सूची के अनुसार राज्य में कुल मतदाताओं की संख्या 7.6 करोड़ है।