केंद्रीय आयुष मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को कहा कि आने वाले समय में मानव स्वास्थ्य की सुरक्षा में आयुष व्यवस्था बड़ी भूमिका निभाएगी। सोनोवाल ने कहा कि इलाज की आयुष प्रणाली वैश्विक स्तर पर अहम भूमिका निभा रही है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में मंत्रालय ने इस प्रणाली को और मजबूत करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
विज्ञापन
असम के पूर्व मुख्यमंत्री सोनोवाल ने कहा कि आयुष मंत्रालय कई देशों के साथ सहयोग से शोध कार्य कर रहा है। हमने अब तक 50 देशों के साथ सहयोगात्मक शोध कार्य विकसित किया है। हम अफ्रीकी देशों में भी प्रयास कर रहे हैं। सोनोवाल ने आगे कहा कि यह ऐसी व्यवस्था है जिसमें बीमारी से बचाव समेत किसी भी तरह की चुनौती से निपटा जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि भारत से बाहर रहने वाले लोगों के लिए यह बहुत अच्छी खबर है कि कोरोना वायरस वैश्विक महामारी के दौरान आयुष उत्पादों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भारत में पारंपरिक दवाओं की जो व्यवस्था है वह सदियों से रही है। आयुर्वेद और योग के उत्पादों और आयुष व्यवस्था ने मानव स्वास्थ्य के संरक्षण में बड़ा योगदान दिया है।