शिवसेना पर अधिकार को लेकर उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे, दोनों गुटों के बीच रार बढ़ती ही जा रही है। दोनों गुट मामले में शीर्ष अदालत के फैसले का इंतिजार कर रहे हैं। इससे पहले, केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने मंगलवार को कहा कि असली शिवसेना महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाला गुट है। उन्होंने कहा कि एकनाथ शिंदे गुट को मुंबई के शिवाजी पार्क में पार्टी की वार्षिक दशहरा रैली आयोजित करने का नैतिक अधिकार है। पुणे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि शिंदे गुट को शिवसेना के निर्वाचित प्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के दो-तिहाई का समर्थन प्राप्त है। उन्होंने आशा जताते हुए कहा कि सत्तारूढ़ खेमे को चुनाव आयोग और अदालत में पार्टी सिंबल और अन्य मुद्दों पर लंबित मामलों में अपने पक्ष में निर्णय मिलेगा।
शिवाजी पार्क में दशहरा मेलवा एकनाथ शिंदे गुट का नैतिक अधिकार
उन्होंने कहा, चूंकि असली शिवसेना एकनाथ शिंदे की है इसलिए उन्हें शिवाजी पार्क में दशहरा 'मेलवा' (रैली) आयोजित करने का नैतिक अधिकार है। उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि ये नैतिक अधिकार उद्धव ठाकरे के हाथों से फिसल गया है। उन्होंने उद्धव ठाकरे को उपनगरीय बांद्रा के बीकेसी में अपने गुट की रैली करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) शिंदे गुट का समर्थन करते हुए उन्हें शिवाजी पार्क में रैली आयोजित करने की अनुमति देगा।
बीएमसी ने दी ये जानकारी
इससे पहले बृहन्मुंबई नगर निगम ने रैली के आयोजन को लेकर कहा कि उसे उद्धव ठाकरे और शिंदे गुट से अक्टूबर में पार्टी की दशहरा रैली के लिए विशाल शिवाजी पार्क को बुक करने के लिए आवेदन मिले थे। गौरतलब है कि ये रैली शिवसेना के लिए खासा राजनीतिक महत्व रखती है। पिछले कई दशकों से शिवसेना मुंबई के शिवाजी पार्क में इसका आयोजन करती रही है, लेकिन जून में शिंदे के विद्रोह के बाद शिवसेना में विभाजन के कारण इस बार दो दावेदार हैं।
नीतीश पर कसा तंज
इस दौरान, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा विभिन्न विपक्षी नेताओं को भाजपा के खिलाफ एकजुट करने के लिए मुलाकात करने के सवाल पर अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मुकाबला करना आसान काम नहीं है। पीएम मोदी और हम (भाजपा और उसके सहयोगी) आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को एक साथ आने दो, लेकिन मोदी का सामना करना बच्चों का खेल नहीं है।
अपने चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ेंगे- अठावले
इस दौरान तंज कसते हुए उन्होंने नीतीश कुमार को धोखेबाद राजनेता करार दिया। उन्होंने कहा कि यह अच्छा है कि नीतीश कुमार, तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी एक साथ आ रहे हैं। अठावले ने कहा कि हम उनका सामना करने के लिए तैयार हैं। इस दौरान उन्होंने बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि उनकी पार्टी रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) भाजपा के चुनाव चिह्न पर लोकसभा या विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेगी, बल्कि अपने चुनाव चिन्ह पर लड़ेगी।