संसद में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में आतंकवादी घटनाओं पर बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में देश के भीतरी इलाकों में पांच आतंकवादी घटनाएं हुईं और तीन नागरिकों की मौत हुई है। इन घटनाओं में कोई सशस्त्र बल का सिपाही हताहत नहीं हुआ है और एक आतंकवादी मारा गया।
जम्मू-कश्मीर में मारे गए कुल 174 नागरिक
साथ ही केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि पिछले पांच वर्षों के दौरान केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख में कोई आतंकी हमला नहीं हुआ। इसलिए, आतंकी हमलों में हताहतों का सवाल ही नहीं उठता। 2018 और 2022 के बीच पिछले पांच वर्षों में पूर्ववर्ती राज्य में 761 आतंकी हमलों में जम्मू-कश्मीर में कुल 174 नागरिक मारे गए। साथ ही इस दौरान 626 मुठभेड़ों में केंद्र शासित प्रदेश में 35 नागरिक मारे गए। इसी अवधि के दौरान मारे गए सुरक्षाकर्मियों की संख्या 308 रही और सुरक्षा बलों ने 1002 आतंकवादियों को मार गिराया।
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल कुल 84866 रिक्तियां
गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में कहा कि केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफएस-बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, एसएसबी और सीआईएसएफ) और असम राइफल्स (एआर) ने एक जनवरी 2023 तक 10,05,520 स्वीकृत पदों के मुकाबले अपने रैंक में कुल 84,866 रिक्तियां बताई हैं। अक्तूबर, 2022 से जुलाई, 2023 तक मिशन भर्ती के तहत अब तक 36,521 उम्मीदवारों को नियुक्त किया गया है।
एनडीआरएफ की चार अतिरिक्त बटालियनों की स्थापना को मंजूरी
आगे उन्होंने बताया कि देश में एनडीआरएफ को मजबूत करने के लिए, भारत सरकार ने एनडीआरएफ की चार अतिरिक्त बटालियनों की स्थापना को मंजूरी दी थी, जिससे एनडीआरएफ बटालियनों की संख्या 12 से बढ़कर 16 हो गई है।
बाढ़ के दौरान पंजाब में कुल 103 राहत शिविर स्थापित किए गए
पंजाब में आई बाढ़ को लेकर गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि पंजाब सरकार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, हाल की बाढ़ के दौरान राज्य में कुल 103 राहत शिविर स्थापित किए गए हैं। राज्य के प्रयासों को पूरा करने के लिए पंजाब सरकार के अनुरोध के आधार पर, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की 11 टीमों को राज्य के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में तैनात किया गया है। एनडीआरएफ ने अब तक पंजाब में 308 लोगों को बचाया है, 4335 लोगों को निकाला है और 202 पशुओं को बचाने के अलावा दो शव निकाले हैं।