हाल के समय में फ्लाइट और एयरपोर्ट से कई ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने मीडिया की सुर्खियां बटोरी हैं। इसके बाद सरकार भी एयरपोर्ट सुरक्षा के मुद्दे पर सख्त हो गई है. बता दें कि केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने सोमवार को एयरपोर्ट सुरक्षा के मुद्दे पर समीक्षा बैठक बुलाई। इस बैठक में सुरक्षा, लॉजिस्टिक और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे मामलों पर चर्चा की गई। केंद्रीय गृह सचिव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में नागरिक उड्डयन मंत्रालय, डीजीसीए, ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन, एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया और सीआईएसएफ के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान केंद्रीय गृह सचिव ने एयरपोर्ट पर सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा की और साथ ही सुरक्षा को बेहतर करने के लिए सुझाव भी दिए। बता दें कि हाल ही में एयर इंडिया की न्यूयॉर्क दिल्ली फ्लाइट में शंकर मिश्रा नामक आरोपी ने शराब के नशे में एक बुजुर्ग महिला के ऊपर पेशाब कर दिया था। जिसके बाद इस पर खूब हंगामा हुआ और बीते शनिवार को दिल्ली पुलिस ने आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया। फिलहाल आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसी तरह एयर इंडिया की ही पेरिस-दिल्ली की फ्लाइट में भी एक यात्री ने शराब के नशे में एक महिला सहयात्री के कंबल पर पेशाब कर दिया था। हालांकि इस मामले में आरोपी द्वारा माफी मांगने पर पीड़ित महिला ने उसे माफ कर दिया था। जिसके बाद इस मामले में आगे कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। रविवार रात को ही पटना में भी दो यात्रियों को हिरासत में लिया गया था। आरोप है कि दोनों ने शराब के नशे में हवाई यात्रा की।
उल्लेखनीय है कि हालिया शिकायतों के बाद एयर इंडिया ने फ्लाइट के दौरान शराब परोसने की नीति की समीक्षा करने का भी फैसला किया है। साथ ही शंकर मिश्रा मामले के बाद एयर इंडिया ने फ्लाइट के क्रू मेंबर्स को भी रोस्टर से हटा दिया था।