केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रोड शो में हुए शामिल
- फोटो : ANI
पश्चिम बंगाल में शनिवार को पांचवें चरण के चुनावी माहौल के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने प्रचार अभियान को गति दी। बता दें, शाह ने उत्तर 24 परगना जिले के अमदंगा में एक रोड शो किया। इस दौरान लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। इतना ही नहीं, शाह ने नदिया जिले के छपरा में एक सभा को भी संबोधित किया। गौरतलब है कि गृह मंत्री के यह कार्यक्रम बंगाल में 22 अप्रैल को होने वाले छठवें चरण के विधानसभा चुनाव के लिए आयोजित किए गए थे।
सभा में क्या-कुछ बोले अमित शाह
चुनाव प्रचार के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। साथ ही उन्होंने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। बता दें, नदिया जिले के छपरा में आयोजित सभा के दौरान शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री 24 घंटे सोचते हैं कि देश के गरीबों का कल्याण हो। दीदी 24 घंटे सोचती हैं कि मेरा भतीजा कब मुख्यमंत्री बने। बंगाल में हो रही हिंसा को लेकर शाह ने कहा, 'दीदी कहती हैं कि मुसलमानों को कह दो कि आपके लिए कैंप लगेंगे, आपको निकाल देंगे। दीदी ने झगड़ा लगाओ और राज करो की राजनीति अपनाई है। इसीलिए बंगाल में इतनी हिंसा हो रही है।'
इसके अलावा कूचबिहार मामले पर भी शाह ने ममता बनर्जी को आड़े-हाथों लिया। उन्होंने कहा, 'अभी-अभी इनकी एक ऑडियो क्लिप आई। उत्तर बंगाल के कूचबिहार में चार लोग मारे गए। दीदी कह रही हैं, उनका अंतिम संस्कार मत करना। मैं आउंगी उनको ट्रक में रखेंगे, उनको घुमाएंगे और वोट बटोरेंगे। अरे दीदी शर्म करो। मृतक लोगों पर राजनीति करना चाहती हो।'
गृह मंत्री ने सभा में जनता से कुछ वादे भी किए। उन्होंने कहा, ‘हम 1,500 करोड़ रुपये की लागत से सभी जूट उद्योगों का आधुनिकीकरण करेंगे। हम बंगाल के जूट उद्योग को फिर से जीवंत करने के लिए जूट किसानों को सब्सिडी भी प्रदान करेंगे।' उन्होंने आगे कहा कि दीदी ग्रामीण क्षेत्रों में पानी में फ्लोराइड की समस्या का समाधान नहीं कर सकती हैं। हमने 10 हजार करोड़ रुपये की लागत से हर घर को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने का फैसला किया है।