03:00 PM, 01-Feb-2021
बजट में ‘आत्मनिर्भरता’ का विजन, इसके दिल में गांव और किसान : मोदी
कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसानों के प्रदर्शन के बीच संसद में पेश किए गए आम बजट की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सराहना की। किसानों की बेहतरी का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि इस बजट में कृषि क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया है। किसानों को आसानी से और ज्यादा ऋण मिल सकेगा। इसमें मंडियों को और मजबूत करने का प्रावधान किया गया है। इससे पता चलता है कि इस बजट के दिल में गांव और किसान हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि इसमें ‘आत्मनिर्भरता’ का विजन है और समाज के सभी वर्गों के लिए इसमें कुछ न कुछ है।
कोरोना महामारी से उत्पन्न चुनौतियों के लिहाज से बजट को सधा हुआ और बेहतरीन करार देते हुए उन्होंने कहा कि इसमें आम आदमी पर कोई नया बोझ नहीं डाला गया है। उन्होंने इसके लिए वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण और उनकी टीम को बधाई दी और कहा कि यह बजट भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए ठोस कदम रखने में मददगार साबित होगा। उन्होंने कहा कि महामारी के चलते कई विशेषज्ञ यह मान रहे थे कि सरकार आम लोगों पर बोझ डालेगी लेकिन राजकोषीय स्थिरता के प्रति अपने दायित्वों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने बजट का आकार बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 का बजट असाधारण परिस्थितियों के बीच पेश किया गया है, इसमें यथार्थ का अहसास और विकास का विश्वास भी है। कोरोना महामारी ने दुनिया में जो प्रभाव पैदा किया उसने पूरी मानव जाति को हिला कर रख दिया। इन परिस्थितियों के बीच यह बजट भारत के आत्मविश्वास को उजागर करने वाला है।
आत्मनिर्भर भारत अभियान के लिए किए गए प्रावधानों की प्रशंसा
उन्होंने बजट में ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान के लिए किए गए प्रावधानों की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बजट में आत्मनिर्भरता का विजन भी है और हर वर्ग का समावेश भी है। हम इसमें जिन सिद्धांतों को लेकर चले हैं वे हैं, वृद्धि के लिए नई संभावनाओं का विस्तार करना, युवाओं के लिए नए अवसरों का निर्माण करना, मानव संसाधन को एक नया आयाम देना, बुनियादी ढांचे के निर्माण के लिए नए क्षेत्र विकसित करना, आधुनिकता की तरफ आगे बढ़ना, नए सुधार लाना है।
शेयर बाजार से भी सकारात्मक प्रतिक्रिया
पीएम ने शेयर बाजार में आए भारी उछाल का जिक्र करते हुए कहा कि इस बजट को भरपूर समर्थन मिला है। ऐसे बजट कम ही देखने को मिलते हैं जिसमें शुरू के एक-दो घंटों में ही इतनी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिले। उन्होंने आगे कहा कि इस बजट में एमएसएमई और बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर दिया गया है। यह बजट जैसे स्वास्थ्य क्षेत्र पर केंद्रित है, वह भी अभूतपूर्व है। इसमें दक्षिण, पूर्वोत्तर के राज्यों और लेह-लद्दाख जैसे क्षेत्रों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है।