रियो ओलंपिक 2016 में सलमान खान को गुडविल एंबेसडर बनाने पर चल रहे विवाद के मद्देनजर भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और संगीतकार ए.आर रहमान से अपील की है कि एंबेसडर बनें।
आईओए के उपाध्यक्ष त्रिलोचन सिंह के मुताबिक 'हम सचिन तेंदुलकर और ए.आर. रहमान से गुडविल एबेंसडर बनने के संबंध में बातचीत कर रहे हैं लेकिन उनकी ओर से कोई उत्तर नहीं मिला है।' उन्होंने यह भी कहा कि हम और भी लोगों से संपर्क में है और सलमान खान भी गुडविल एबेंसडर रहेंगे।
गौरतलब है कि सलमान के गुडविल एबेंसडर बनने के बाद काफी विवाद हुआ था। इस मुद्दे पर ओलंपिक पदक विजेता योगेश्वर दत्त ने कहा था कि किसी खिलाड़ी को ही गुडविल एबेंसडर बनाए जाना तर्कसंगत लगता है, किसी बाहरी को नहीं।
वहीं पूर्व धावक मिल्खा सिंह ने कहा था कि सलमान को एबेंसडर बनाए जाना बिल्कुल गलत है। वहीं इस मामले पर पूर्व भारतीय ओपनर गौतम गंभीर कहा था कि 'अगर भारत में खिलाड़ियों की तंगी नहीं है, तो मुझे ज्यादा खुशी तब होती जब एबेंसडर किसी खिलाड़ी को बनाया जाता।'