भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) ने देश भर में 114 विशेष नामांकन और संशोधन केंद्र शुरू करने की अपनी योजना के तहत 28 आधार सेवा केंद्र (एएसके) खोले हैं। यूआईडीएआई ने बुधवार को एक बयान में कहा कि ‘ये विशेष केंद्र, बैंकों, डाकघरों और राज्य सरकारों द्वारा संचालित लगभग 38,000 आधार नामांकन केंद्रों के अलावा हैं।
इस बयान के अनुसार यह एएसके सप्ताह के सातों दिन खुले रहेंगे। एएसके ने अभी तक तीन लाख से अधिक नागरिकों को रोजगार दिया है, इनमें सबसे बड़ी संख्या दिव्यांगों की है। इन केंद्रों में प्रति दिन सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक 1000 लोग नामांकन और संशोधन करा सकते हैं। केवल सार्वजनिक अवकाशों पर केंद्र बंद होंगे।
बयान के अनुसार यूआईडीएआई ने देश के 53 शहरों में 114 आधार सेवा केंद्र स्थापित करने की योजना बनाई है। आधार कार्ड के नामांकन का कोई शुल्क नहीं है, जबकि विवरण संशोधित करने जैसे कि आधार में मोबाइल नंबर बदलवाने, पता बदलवाने आदि के लिए मात्र 50 रुपये का शुल्क देय है। नागरिकों को परेशानी मुक्त तरीके से नामांकन / संशोधन प्रक्रिया के लिए आधार सेवा केंद्र में एक कुशल टोकन प्रबंधन प्रणाली है।