महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने शनिवार को कहा कि राज्य विधानमंडल का एक विशेष सत्र बुलाया जाना चाहिए और उसमें एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार से मराठा समुदाय के लोगों को आरक्षण प्रदान करने के लिए कदम उठाने का अनुरोध किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेता ने लातूर जिले में मराठा आरक्षण के लिए प्रदर्शन के दौरान हिंसा में पुलिसकर्मियों सहित कई लोगों के घायल होने के एक दिन बाद यहां संवाददाता सम्मेलन किया।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को आर्थिक रूप से कमजोर (ईडब्ल्यूएस) तबके के लोगों की ही तरह मराठा समुदाय को भी आरक्षण देना चाहिए या कुल आरक्षण की सीमा मौजूदा 50 प्रतिशत से ऊपर बढ़ानी चाहिए। कांग्रेस नेता ने कहा कि अगर केंद्र सरकार बिना किसी मांग के ईडब्ल्यूएस को 10 प्रतिशत आरक्षण दे सकती है, तो सड़कों पर उतरे मराठा समुदाय के लोगों को आरक्षण क्यों नहीं दे सकती।
उन्होंने कहा कि मराठा आरक्षण की मांग को इस महीने होने वाले विशेष सत्र के दौरान संसद के समक्ष रखा जाना चाहिए और केंद्र इसके लिए जरूरी एक विधेयक पेश कर सकता है। उच्चतम न्यायालय ने महाराष्ट्र सरकार द्वारा राजनीतिक रूप से प्रभावशाली मराठा समुदाय को प्रदान किए गए आरक्षण को मई 2021 में रद्द कर दिया था।