देश में भीड़ द्वारा लोगों की पीट-पीटकर हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला गुजरात के दाहोद का है, जहां 20 लोगों की एक भीड़ ने मोबाइल चोरी के आरोप में एक 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस दौरान मृतक युवक के एक साथी पर भी भीड़ ने हमला बोल दिया। हालांकि समय रहते मौके पर पुलिस पहुंच गई जिससे दूसरे युवक की जान बच गई।
यह घटना शनिवार रात की है। पुलिस ने घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, भीड़ द्वारा मारे गए अजमल वहोनिया नामक युवक पर चोरी, दंगा और अन्य अपराध के करीब 32 मामले दर्ज हैं। वह धानपुर तहसील के उंडारका का रहने वाला था। जबकि घायल युवक भारू माथुर (25) गरबाडा तहसील के खुजरिया गांव का है। फिलहाल मामले की जांच चल रही है।
बता दें कि हाल के दिनों में गो हत्या और बच्चा चोरी के शक में भीड़ द्वारा कई लोगों की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने इस तरह की घटनाओं पर चिंता जताते हुए मॉब लिंचिंग और गौरक्षकों के नाम पर हिंसा करने वालों से सख्ती से निपटने के लिए सरकार को कड़े कानून बनाने को कहा है।