नक्सलियों और उनके शस्त्रागार को खत्म करने के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल जल्द ही अपने विशेष गुरिल्ला लड़ाई वाले 20 हजार कोबरा जवानों को छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले और उसके आस-पास तैनात करेगी।
सुकमा और इसके आस-पास के इलाकों में सुरक्षा बलों पर पिछले कुछ समय में सबसे घातक हमले हुए हैं। जहां 24 अप्रैल को बुर्कापाल इलाके में 25 जवानों को मौत के घाट उतार दिया गया था वहीं सुकमा में 11 मार्च को हुए हमले में इसी तरह 12 जवानों की हत्या कर दी गई थी।
एक वरिष्ठ खुफिया अधिकारी ने बताया कि अर्द्धसैनिक बल पश्चिम बंगाल, बिहार, तेलंगाना और मध्य प्रदेश से हटाकर सबसे अधिक नक्सल प्रभावित जिले बस्तर में कोबरा जवानों की 20 से 25 कंपनियां तैनात करने की तैयारी कर रहा है। एक कोबरा कंपनी में लगभग 100 जवान होते हैं।