केरल के मुख्यमंत्री ओमान चांडी और सीपीएम के बुजुर्ग नेता वी एस अच्युतानंदन अपनी पारंपरिक सीटों को लेकर पूरी तरह आश्वस्त हैं। मगर दो छात्र नेताओं की मौजूदगी ने केरल की राजनीति के इन दो ध्रुवों के मुकाबलों को दिलचस्प बना दिया है।
कोट्टयम जिले में पुथुपल्ली सीट में तिहत्तर वर्ष के चांडी के मुकाबले लेफ्ट फ्रंट ने स्टुडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के प्रदेश अध्यक्ष छब्बीस वर्षीय जैक सी थामस को मैदान में उतारा है। ध्यान रहे जैक अभी एमए के छात्र भी हैं।
तो वहीं पुथुपल्ली से तकरीबन सवा दो सौ किलोमीटर दूर पलकड़ जिले की मलमपुषा सीट पर 92 वर्ष के बुजुर्ग अच्युतानंदन को कांग्रेस की छात्र शाखा केएसयू (केएसयू) के 29 वर्षीय प्रदेश अध्यक्ष वी एस जॉय चुनौती दे रहे हैं।
मलमपुषा सीट पचास साल से लेफ्ट के पास है और पिछले पंद्रह वर्ष से अच्युतानंदन यहां से विधायक हैं। पार्टी का स्टार प्रचारक होने के नाते वह बहुत कम समय यहां दे पा रहे हैं। दूसरी ओर जॉय आपको खुली जीप में प्रचार करते दिख जाएंगे।
नब्बे वर्ष के दिग्गज के खिलाफ चुनाव लड़ते कैसा लग रहा है? जॉय कहते हैं, 'यहां (मलमपुषा) मुकाबला 92 वर्ष बनाम 29 वर्ष का है! वी एस मुख्यमंत्री रह चुके हैं, अभी विधानसभा में विपक्ष के नेता हैं। लेकिन यहां की हालत बहुत खराब है।
पूरे मंडलम (विधानसभा क्षेत्र) में 139 कॉलेज हैं, लेकिन एक भी गर्वमेंट एडेड नहीं है। क्षेत्र में मलमपुषा बांध है, लेकिन लोगों को पीने का पानी नहीं मिल रहा है।'
लेकिन वी एस की लोकप्रियता का यह हाल है कि विशालकाय मलमपुषा बांध के नजदीक ही आपको सुधीरन जैसे उनके कट्टर समर्थक मिल जाएंगे, जो यह कहते हैं कि वी एस को कोई हरा नहीं सकता।