केरल में भाजपा नेता रंजीत श्रीनिवासन की हत्या
- फोटो : Twitter@ K Surendran
केरल के अलझुप्पा में शनिवार- रविवार की रात 12 घंटे के भीतर दो नेताओं की हत्या मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दरअसल, पुलिस ने एसडीपीआई के राज्य सचिव शान केएस मर्डर केस में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। दो अलग-अलग मामलों की जांच कर रहे विशेष जांच दल (एसआईटी) का नेतृत्व कर रहे एडीजीपी (कानून व्यवस्था) विजय सखारे ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि शनिवार की रात शान की हत्या में 10 आरोपी थे। उन्होंने कहा कि प्रसाद और रथीश को एसडीपीआई के राज्य सचिव की हत्या के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था, जबकि अपराध में शामिल आठ अन्य लोगों की पहचान कर ली गई है और उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।
क्या है मामला
सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दो राज्य स्तरीय नेता की हत्या शनिवार-रविवार रात को कर दि गई थी। हत्या के बाद से ही तनाव का माहौल है जिसके चलते इलाके में धारा 144 लागू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार भाजपा नेता सुबह की सैर के लिए निकले थे, तभी हमलावरों की आठ सदस्यीय टीम ने उन पर हमला किया और उन्हें चाकू मार दिया। अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
आईजी हर्षिता अटालूरी ने बताया कि पुलिस ने असामाजिक तत्वों, आम जनता के साथ-साथ भाजपा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और एसडीपीआई के कार्यकर्ताओं सहित लगभग 50 लोगों को हिरासत में लिया है। हिरासत में लिए गए सभी व्यक्ति अपराधी नहीं हैं और पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि एसडीपीआई नेता पर हमले के तुरंत बाद हरकत में आई पुलिस की ओर से कोई चूक नहीं हुई है।
एसडीपीआई के राज्य सचिव शान केएस की हत्या
एसडीपीआई के राज्य सचिव शान केएस (38) की शनिवार की रात अज्ञात गिरोह ने चाकू मारकर हत्या कर दी थी। एसडीपीआई नेता पर उस समय हमला किया गया, जब वह अपने स्कूटर पर मन्नाचेरी में घर लौट रहे थे। पुलिस ने कहा कि एक कार में आए हमलावरों ने पहले उसके दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी और नीचे गिरने पर उनपर कई बार चाकू से हमला कर दिया गया। पीड़ित को कई फ्रैक्चर और सिर में चोटें आईं और बाद में एर्नाकुलम के एक निजी अस्पताल में उसकी मौत हो गई। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने की निंदा
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने अलाप्पुझा में दो राजनीतिक हत्याओं की निंदा की और कहा कि सरकार किसी को भी कानून अपने हाथ में लेने की अनुमति नहीं देगी। ऐसे अपराधियों से सख्ती से निपटा जाएगा।
आरएसएस पर आरोप
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (PFI) की राजनीतिक शाखा, SDPI ने हमले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की संलिप्तता का आरोप लगाया, लेकिन RSS के जिला नेताओं ने किसी भी भूमिका से इनकार किया।