छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में दो नक्सलियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस ने रविवार को बताया कि इनमें से एक पर नकद इनाम था।
स्थानीय पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार हिदमा मांडवी और मंगू मांडवी ने दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक अभिषेक पल्लव के सामने शनिवार शाम को आत्मसमर्पण किया। उन्होंने बताया कि 1997 में गैरकानूनी घोषित किए गए संगठन भाकपा (माओवादी) के साथ जुड़ा हिदमा मांडवी जिले में बागियों की आपूर्ति टीम के प्रभारी के तौर पर काम करता था।
हिदमा को वर्ष 2017 में माओवादियों के लिए कपड़े एवं विस्फोटक सामान खरीदते वक्त गिरफ्तार कर लिया गया था। अधिकारी ने बताया कि आत्मसमर्पण करने वाले नक्सली घुमियापल गांव में चेतना नाट्य मंडली के सदस्य थे जो माओवादियां की एक सांस्कृतिक शाखा है।
अपने बयान में दोनों ने कहा कि उन्हें आत्मसमर्पण करने का फैसला किया क्योंकि वे “खोखली माओवादी विचारधारा और जंगल के कठिन जीवन से निराश थे।’’ अधिकारी ने बताया कि दोनों ने मुख्यधारा में सार्थक जीवन जीने की इच्छा प्रकट की।