तमिलनाडु में दो व्यक्तियों को शराब की ऐसी लत लगी कि उन्होंने खुद से ही शराब बनाने का फैसला किया। लेकिन इससे पहले की वह शराब को बनाकर चख पाते, पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। तमिलनाडु में लॉकडाउन के कारण शराब की दुकानें बंद हैं, जिस कारण इन्होंने खुद ही उसे बनाने का निर्णय लिया।
दरअसल, पुलिस ने शनिवार को बताया कि दो लोगों ने एक लोकप्रिय वीडियो साझा करने वाली वेबसाइट 'डू इट योरसेल्फ' से शराब बनाने के लिए सुझावों का इस्तेमाल किया और इससे पहले की वह इस प्रक्रिया को पूरा कर पाते, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
उन्होंने कहा कि नमक्कल जिले एक गांव के रहने वाले इन दोनों लोगों को उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब ये दोनों शराब बनाने के लिए खमीर निकालने की प्रक्रिया में लगे हुए थे।
एक अधिकारी ने कहा कि वे दोनों लगभग सफल हो ही गए थे, लेकिन इससे पहले की वे इसे चख पाते हमने शुक्रवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि इन दोनों को एक लोकप्रिय वीडियो साझा करने वाली वेबसाइट से मादक पेय बनाने के बारे में जानकारी मिली।
उन्होंने कहा कि उनके एक रिहायशी परिसर से शराब बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कंटेनर और अन्य सामग्री को जब्त कर लिया गया है। अधिकारी ने कहा कि जिले में अवैध शराब को बनाने को लेकर अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
राज्य के स्वामित्व वाले तमिलनाडु राज्य विपणन निगम द्वारा चलाए जा रहे शराब के रिटेल आउटलेट 24 मार्च की शाम से बंद हैं। अधिकारी ने कहा कि कुछ दिनों पहले एक व्यक्ति ने देशी शराब बनाने के लिए बैरल में मिश्रण तैयार किया था और इसे पीने लायक होने के लिए छोड़ दिया था।
उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति ने अपने बाथरूम में बैरल को छोड़ कर घर को बंद कर दिया और पास के एक इलाके में रहने चला गया। उसने कुछ दिनों बाद घर लौटने की योजना बनाई थी, ताकि शराब उस समय तक पीने के लिए पूरी तरह तैयार हो जाए।
अधिकारी ने बताया कि लेकिन हमें इस बात की सूचना मिली और हमने उसके घर पहुंचकर शराब को नष्ट कर दिया। उन्होंने बताया कि इसी तरह, हमने दुर्गम स्थानों में अवैध शराब की तस्करी को नष्ट किया है और हम अपने प्रयास में हमारी मदद करने के लिए ग्रामीणों को धन्यवाद देते हैं।