अब थानों पर फरियादियों की बातें सुनी जाएंगी और उनका वेलकम भी होगा। इसके लिए जिले के 26 थानों पर महिला रिसेप्शनिस्ट की तैनाती की जा रही है। पुलिस प्रशासन की मंशा है कि थानों और पुलिस कर्मचारियों की छवि बदली जाए। थाना परिसर का माहौल इस अनुकूल बनाया जाए कि लोग बेहिचक आएं और अपनी बात कहें। इसके साथ ही शिकायत दर्ज कराके समस्या से निजात पाने की कोशिश करें। इसी वजह से महिला रिसेप्शनिस्ट की तैनाती की जा रही है। हर थाने पर दो-दो रिसेप्शनिस्ट की तैनाती होगी।
प्रदेश के चुनावी मैदान में सत्ता हासिल करने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वायदों को सीएम योगी आदित्यनाथ अमल में ला रहे हैं। प्रदेश में गुंडई और थानों की दुर्दशा पर आक्रामक मोदी ने कई सवाल खड़े किए थे। अब प्रदेश की सत्ता संभालने के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ इस ध्यान में रखते हुए थानों की हालत सुधारने को प्राथमिकता में रखे हैं। थानों पर फरियाद को आने वालों से लेकर कार्रवाई का ब्यौरा दर्ज करने को रजिस्टर बनाया गया है।
वहीं हर थाने पर शौचालय और पीने के ठंडे पानी की भी व्यवस्था कर ली गई है। इन सब के बाद महिला रिसेप्शनिस्ट की तैनाती का प्रस्ताव भी तैयार कर लिया गया है। पुलिस अफसरों का मानना है कि इसके पीछे की मंशा है कि थाने पर बेहतर माहौल मिल सके और बेहिचक फरियादी अपनी बात कह सकें। महिलाएं अपनी समस्या पुरुष पुलिस वालों से नहीं कर पाती है, जिसे देखते हुए हर थाने पर महिला सिपाही की तैनाती शुरू हो गई हैं।