महाराष्ट्र के हिंगोली जिले में सोमवार रात पटाखों के एक गोदाम में भीषण आग लगने और धमाके होने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी के मुताबिक, घटना रात करीब आठ बजे घनी आबादी वाले रिहायशी इलाके मारवाड़ी गली में हुई। गोपाल बस्तवार के स्वामित्व वाले गोदाम में आग तेजी से फैल गई। आग बुझाने के लिए पहुंची नगर निकाय की दमकल गाड़ी भी इसकी चपेट में आकर जल गई।
पटाखों में आग लगने के कारण बीच-बीच में धमाके होते रहे। इससे इलाके में दहशत फैल गई। आग की चपेट में आने से कुछ मकानों को नुकसान पहुंचा है। गली में खड़े दोपहिया वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। अधिकारी ने कहा, इस घटना में दो लोगों की मौत हुई है।" उन्होंने बताया कि शव बुरी तरह झुलस गए हैं, इसलिए मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
संकरी गलियों के कारण राहत कार्य में दिक्कत
अधिकारी ने बताया कि हिंगोली शहर के पुराने हिस्से में स्थित यह इलाका काफी भीड़भाड़ वाला है। संकरी गलियों के कारण दमकल और राहत दलों को आग बुझाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। मौके पर जुटी भीड़ ने भी राहत कार्य में परेशानी बढ़ाई।इलाके की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई है। आग पर काबू पाने का काम जारी है। अधिकारी ने कहा कि आग लगने के कारण का पता आग बुझाने का काम पूरा होने के बाद लगाया जाएगा।