मासाजोग के सरपंच संतोष देशमुख को नौ दिसंबर को बीड में एक ऊर्जा फर्म पर जबरन वसूली की कोशिश को विफल करने के प्रयास के लिए अपहरण के बाद हत्या कर दी गई थी। इस मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। अब उसने फरार दो आरोपियों को भी शिकंजे में ले लिया।
महाराष्ट्र में बीड सरपंच हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल की। दो फरार चल रहे आरोपी को धुले जिले से गिरफ्तार कर लिया गया है। इस मामले में पुलिस ने 26 वर्षीय सुदर्शन चंद्रभान घुले और 23 साल के सुधीर सांगले को शिकंजे में लिया है। दोनों आरोपी को आपराधिक जांच विभाग (सीआईडी) के विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंप दिया है।
वाल्मिक कराड की पत्नी से भी हुई थी पूछताछ
इस मामले में वाल्मिक कराड की पत्नी मंजिली कराड से भी पुलिस ने इस मामले को लेकर पूछताछ की है। सीआईडी ने मंजिली कराड, उनके दो बॉडीगार्ड, अजित पवार गुट के बीड जिला अध्यक्ष समेत कई लोगों के खिलाफ जांच की है। पुलिस ने बीड के जिला अध्यक्ष संध्या सोनावणे से भी पूछताछ की है। इस पूरे मामले में संध्या सोनावाणे और तीन अन्य की जांच सीआईडी ने की है। इन लोगों से रविवार को आठ घंटे से भी ज्यादा देर तक पूछताछ की गई है। इस पूछताछ के बाद संध्या सोनावणे ने मीडिया को बताया कि राजनीति में रहते हुए हर किसी से संपर्क हो जाता है। उन्होंने आगे कहा कि मुझे आगे जब भी पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा मैं आगे भी पूछताछ में सहयोग करूंगी।
कांग्रेस ने की सीबीआई जांच की मांग
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के वरिष्ठ नेता विजय वडेट्टीवार ने बीड सरपंच संतोष देशमुख की हत्या की जांच सीबीआई से कराने की मांग की है। वडेट्टीवार ने कहा कि सरकार बीड में भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्थी की स्थिति को लेकर अपनी आंख मूंदे हुए है। कराड को राजनीतिक आशीर्वाद प्राप्त है। मैं सिर्फ इतना चाहता हूं कि इस पूरे मामले में सरपंच देशमुख के परिवार को न्याय मिलना चाहिए।
हम गुंडा राज बर्दाश्त नहीं करेंगे: सीएम देवेंद्र फडणवीस
इस पूरे मामले को लेकर सूबे के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मामले को लेकर कहा है कि बीड के सरपंच की हत्या मामले में शामिल सभी लोगों पर मुकदमा चलाया जाएगा। हम गुंडा राज बर्दाश्त नहीं करेंगे। जो लोग कानून को अपने हाथ में लेने या निवासियों से जबरन वसूली करने की कोशिश करेंगे, उन्हें सख्त परिणाम भुगतने होंगे। पुलिस फिलहाल उन संदिग्धों की तलाश कर रही है जो फरार हैं। किसी को भी बख्सा नहीं जाएगा। हम उन्हें ढूंढ़ निकालेंगे और सरपंच संतोष देशमुख को न्याय जरूर दिलाएंगे।