फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Tamil Nadu CM: तमिलनाडु विधानसभा का पहला सत्र कल, स्पीकर-डिप्टी स्पीकर चुनाव 12 मई को; CM विजय का बड़ा एलान

Sun, 10 May 2026 04:48 PM IST
राकेश कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चेन्नई।

खास बातें

Tamil Nadu CM vijay Shapath Grahan Samaroh LIVE: तमिलनाडु की राजनीति में आज एक नया अध्याय जुड़ गया है। अभिनेता से नेता बने थलापति विजय ने आज चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। नौ नवनिर्वाचित विधायक भी मंत्री बने हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) ने अपने पहले ही चुनाव में शानदार प्रदर्शन करते हुए 108 सीटें जीतीं और कांग्रेस, वीसीके व वामदलों के समर्थन से बहुमत का आंकड़ा 118 पार किया। कांग्रेस राहुल गांधी समेत कई बड़े नेता शपथ समारोह में शामिल हुए। शपथ ग्रहण समारोह से जुड़ी पल-पल की अपडेट के लिए बने रहें अमर उजाला के साथ...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:30 PM, 10-May-2026

तमिलनाडु: स्पीकर-डिप्टी स्पीकर का चुनाव 12 मई को

तमिलनाडु की 17वीं विधानसभा का पहला सत्र सोमवार, 11 मई 2025 को सुबह 9:30 बजे चेन्नई स्थित सचिवालय के विधानसभा कक्ष में आयोजित किया जाएगा। इस दिन नवनिर्वाचित विधायक अपने पद की शपथ ग्रहण करेंगे। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) और उपाध्यक्ष (डिप्टी स्पीकर) के चुनाव मंगलवार, 12 मई 2026 को सुबह 9:30 बजे संपन्न कराए जाएंगे।

04:48 PM, 10-May-2026

शोलावंदन विधायक एमवी करुप्पैया बने प्रोटेम स्पीकर

तमिलनाडु में नई विधानसभा के गठन की प्रक्रिया के तहत शोलावंदन से विधायक एमवी करुप्पैया को प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ दिलाई गई है। राज्यपाल ने उन्हें पद की शपथ दिलाकर औपचारिक रूप से यह जिम्मेदारी सौंपी।

प्रोटेम स्पीकर का कार्य नई विधानसभा के गठन के दौरान अस्थायी रूप से सदन की कार्यवाही को सुचारु रूप से संचालित करना होता है, जिसमें नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाना और स्पीकर के चुनाव की प्रक्रिया कराना शामिल होता है। एमवी करुप्पैया की नियुक्ति के साथ ही तमिलनाडु विधानसभा में आगे की विधायी प्रक्रियाओं की शुरुआत हो गई है। अब सभी नवनिर्वाचित विधायक जल्द ही शपथ लेंगे और विधानसभा की औपचारिक कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

04:22 PM, 10-May-2026

मुख्यमंत्री विजय का बड़ा एलान: घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभालने के बाद विजय ने राज्य के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के लिए नई राहत योजना की घोषणा की है। नई व्यवस्था के तहत, जिन उपभोक्ताओं की दो महीने में बिजली खपत 500 यूनिट तक होगी, उन्हें हर दो महीने में 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन उपभोक्ताओं की दो माह की खपत 500 यूनिट से अधिक है, उनके लिए मौजूदा टैरिफ व्यवस्था पहले की तरह लागू रहेगी। ऐसे उपभोक्ताओं को पहले से मिल रही 100 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा जारी रहेगी।

विज्ञापन
03:58 PM, 10-May-2026

मुख्यमंत्री विजय ने तिरुचिरापल्ली पूर्व सीट छोड़ी

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री विजय ने पदभार संभालने से पहले तिरुचिरापल्ली ईस्ट विधानसभा सीट से अपने विधायक पद से इस्तीफा दे दिया है। राज्य सरकार की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उन्होंने पेरम्बूर विधानसभा सीट को अपने पास बनाए रखने का निर्णय लिया है। आज सचिवालय में मंत्री केए सेंगोट्टैयन और पी. वेंकटरामनन ने विधानसभा सचिव डॉ. के. श्रीनिवासन से मुलाकात कर विजय का इस्तीफा पत्र सौंपा।

12:02 PM, 10-May-2026

टीवीके प्रमुख विजय ने सचिवालय में मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला

तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) प्रमुख सी जोसेफ विजय ने तमिलनाडु सचिवालय में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में कार्यभार संभाला।
 

विज्ञापन
11:41 AM, 10-May-2026

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री को बधाई दी

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर विजय और उनकी पार्टी टीवीके को बधाई दी। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने लिखा, मैं उन्हें, 'तमिलगा वेत्री कझगम' और पूरे प्रगतिशील गठबंधन को अपनी हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

इस सरकार का गठन 'आत्म-सम्मान', 'सामाजिक न्याय', 'सशक्तिकरण' और 'तर्कसंगत सोच' की स्थायी ताकत की पुनः पुष्टि करता है। ये ऐसे मूल्य हैं जिन्होंने लंबे समय से तमिलनाडु की राजनीतिक और सामाजिक चेतना को परिभाषित किया है। यह वह विरासत है जिसे पेरियार और कामराजर ने गढ़ा था। तमिलनाडु में लाखों लोगों, खासकर युवाओं ने टीवीके पर अपना भरोसा जताया है। मुझे विश्वास है कि उनके नेतृत्व में ये आदर्श शासन का मार्गदर्शन करते रहेंगे और राष्ट्र को प्रेरित करेंगे। मैं नई सरकार के लिए कामना करता हूं कि वह करुणा, समावेशिता और समर्पण के साथ लोगों की सेवा करने में अपार सफलता प्राप्त करे। 

11:35 AM, 10-May-2026

कांग्रेस, वीसीके और वाम दलों को धन्यवाद दिया

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने सरकार बनाने में समर्थन देने के लिए कांग्रेस, वीसीके और वाम दलों को धन्यवाद दिया। 

11:29 AM, 10-May-2026

पिछली सरकारों पर लगाया राज्य पर कर्ज बढ़ाने का आरोप

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने लोगों से अपील की कि उन्हें कामकाज के लिए उचित समय दिया जाए ताकि परिणाम दिखाए जा सकें। उन्होंने राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने और पूरी पारदर्शिता के साथ आगे बढ़ने की बात कही। साथ ही उन्होंने पिछली सरकार पर राज्य पर भारी कर्ज डालने का आरोप लगाया और कहा कि वह जनता से झूठे वादे नहीं करेंगे।

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उन्होंने यह जिम्मेदारी लगभग 10 लाख करोड़ रुपये के भारी कर्ज के दबाव के बीच संभाली है। उन्होंने बताया कि पारदर्शिता बनाए रखने के लिए राज्य की आर्थिक स्थिति पर एक श्वेत पत्र जारी किया जाएगा, जिससे जनता को पूरी जानकारी दी जाएगी। मुख्यमंत्री विजय ने कहा कि उनके अलावा कोई अन्य सत्ता केंद्र नहीं होगा, सत्ता का एकमात्र केंद्र वही होंगे।

11:22 AM, 10-May-2026

विजय ने उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइल पर हस्ताक्षर किए

तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में अपने पहले संबोधन में विजय ने कहा कि वह जनता को झूठे वादों से कभी गुमराह नहीं करेंगे और ईमानदारी से काम करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका कोई शाही या राजनीतिक परिवार से संबंध नहीं है, फिर भी लोगों ने उन्हें स्वीकार किया और समर्थन दिया। इसके बाद उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष बल के गठन और घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने से जुड़ी पहली फाइलों पर हस्ताक्षर किए।

11:12 AM, 10-May-2026

यह धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय पर आधारित युग की शुरुआत है: विजय

टीवीके प्रमुख विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद अपने पहले संबोधन में कहा, यह एक नई शुरुआत है। अब वास्तविक, धर्मनिरपेक्ष और सामाजिक न्याय पर आधारित नए युग की शुरुआत हो गई है। 
 

11:09 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Vijay Oath Taking Ceremony: मिठाइयां बांटकर जश्न मना रहे टीवीके के कार्यकर्ता

टीवीके के कार्यकर्ता मिठाइयां बांटकर जश्न मना रहे हैं, क्योंकि उनके नेता विजय ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली है।

11:08 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Vijay Oath Taking Ceremony: पीएम मोदी ने विजय को बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विजय को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य सरकार के साथ मिलकर लोगों के जीवन में सुधार के लिए काम करती रहेगी।

10:53 AM, 10-May-2026

Vijay Oath Ceremony: जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम से रवाना हुए राज्यपाल अर्लेकर

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम से रवाना हो गए हैं। उन्होंने टीवीके प्रमुख विजय को राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। नौ नवनिर्वाचित विधायकों को भी मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। 

10:28 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Vijay Oath Taking Ceremony: टीवीके नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली

केजी अरुणराज, एन आनंद, आधव अर्जुन, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमणन, आर निर्मल कुमार, राजमोहन, टीके प्रभु, एस कीर्तना ने मंत्री पद की शपथ ली। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर ने उन्हें पद की शपथ दिलाई। 
 

10:22 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Swearing Ceremony: तमिलनाडु के नए सीएम बने विजय

अभिनेता से नेता बने विजय तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री बन गए हैं। राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर ने उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई। इस दौरान उनके पिता भावुक नजर आए। 

10:20 AM, 10-May-2026

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ले रहे टीवीके प्रमुख

टीवीके प्रमुख तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पद की शपथ ले रहे हैं। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिला रहे हैं।  

10:10 AM, 10-May-2026

थोड़ी ही देर में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे विजय

तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के प्रमुख विजय थोड़ी ही देर में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाले हैं।
 

10:00 AM, 10-May-2026

Vijay Oath Ceremony: शपथ ग्रहण समारोह स्थल पर पहुंचे राज्यपाल, विजय ने किया स्वागत

राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम पहुंच गए हैं, जहां थोड़ी देर में वह टीवीके प्रमुख विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे। विजय ने उनका स्वागत किया। 

09:48 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Vijay Oath Taking Ceremony: राज्यपाल अर्लेकर लोक भवन से रवाना हुए

तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर लोक भवन से रवाना हो गए हैं। वह कुछ ही देर में टीवीके प्रमुख विजय को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाएंगे।

09:32 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Oath LIVE: विजय के माता-पिता शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद

चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में टीवीके प्रमुख विजय के माता-पिता एस.ए. चंद्रशेखर और शोभा चंद्रशेखर मौजूद हैं। कुछ ही देर में उनका बेटा तमिलनाडु के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने वाला है।
 

09:29 AM, 10-May-2026

टीवीके नेताओं ने मंच पर अपनी जगह लेना शुरू किया

चेन्नई के जवाहर लाल नेहरू इंडोर स्टेडियम में बड़ी संख्या में लोग जुटे हैं। थोड़ी देर में शपथ ग्रहण होने वाला है। इसी बीच, टीवीके नेताओं ने मंच पर अपनी जगह लेना शुरू कर दिया है। इनमें से कुछ नेता आज मंत्री पद की शपथ भी लेंगे।

09:26 AM, 10-May-2026

तमिलनाडु का सच्चा बेटा पदभार संभाल रहा: अभिनेत्री सनम शेट्टी

अभिनेत्री सनम शेट्टी ने कहा, आज मैं विजय के समर्थन में यहां खड़ी हूं। मातृ दिवस की पूर्व संध्या पर तमिलनाडु का एक सच्चा बेटा पदभार संभाल रहा है। यह शपथ ग्रहण हमारे लिए गर्व का पल है क्योंकि यह आसान नहीं रहा। बाधाओं के बावजूद हाल के राजनीतिक बदलावों ने लोगों को बेचैन किया, लेकिन अब हम बेहतर कल और शांत भविष्य की उम्मीद कर रहे हैं। 

09:22 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Oath LIVE: लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरना हमारी जिम्मेदारी: केजी अरुणराज

टीवीके के नवनिर्वाचित विधायक केजी अरुणराज ने कहा कि जनता ने उनकी पार्टी पर जो भरोसा जताया है, उसके लिए वह आभारी हैं। उन्होंने आगे कहा कि अब उनकी जिम्मेदारी है कि लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरा जाए।

09:16 AM, 10-May-2026

शपथ ग्रहण समारोह में पहुंचीं अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन

अभिनेत्री त्रिशा कृष्णन चेन्नई के जवाहर लाल स्टेडियम में मौजूद हैं, जहां थोड़ी देर में टीवीके प्रमुख तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने वाले हैं। 

09:05 AM, 10-May-2026

जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंचे टीवीके प्रमुख विजय

टीवीके प्रमुख सी. जोसेफ विजय चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम पहुंच गए हैं, जहाँ वे कुछ ही देर में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।

09:02 AM, 10-May-2026

विजय ने मंत्री पदों के लिए नामों की सिफारिश की

तमिलनाडु के अगले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे विजय ने राज्य में मंत्री पदों के लिए नौ लोगों की एक सूची की सिफारिश की है। इस सूची में एन आनंद, आधव अर्जुन, केजी अरुणराज, केए सेंगोट्टैयन, पी. वेंकटरमनन, आर निर्मल कुमार, राजमोहन, टीके प्रभु और सेल्वी एस कीर्तना के नाम शामिल हैं।
 

08:48 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Oath LIVE: कांग्रेस नेता राहुल गांधी चेन्नई पहुंचे

लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी तमिलनाडु के चेन्नई पहुंचे हैं। वह टीवीके प्रमुख विजय के मुख्यमंत्री पद के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।

08:45 AM, 10-May-2026

पार्टी मुख्यालय में एकत्र हुए टीवीके कार्यकर्ता

शपथ ग्रहण समारोह से पहले तमिलागा वेत्री कझगम के कार्यकर्ता पार्टी के मुख्यालय पनैयूर में एकत्र हो रहे हैं। तस्वीरों में बड़ी संख्या में समर्थकों की मौजूदगी दिखाई दे रही है।

08:15 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM Oath LIVE: अपने आवास से रवाना हुए विजय

तमिलगा वेत्री कझगम के नेता विजय शपथ ग्रहण समारोह से पहले अपने आवास से रवाना हो गए हैं। तस्वीरों में उन्हें अपने आवास से निकलते हुए देखा जा सकता है। 

08:13 AM, 10-May-2026

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के आसपास यातायात पर रोक

जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के आसपास यातायात पर रोक लगाई गई है, जहां शपथ ग्रहण समारोह होना है। स्टेडियम की तरफ जाने वाली ज्यादातर सड़कें आम लोगों के लिए बंद हैं। सिर्फ पास वाले वाहनों को ही जाने दिया जा रहा है।

08:07 AM, 10-May-2026

कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने विजय को शुभकामनाएं दीं

आज तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने जा रहे विजय को कांग्रेस नेता मणिकम टैगोर ने शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य बदलाव और नई उम्मीद की ओर देख रहा है। एक्स पर एक पोस्ट में टैगोर ने कहा कि तमिलनाडु के लोग सामाजिक न्याय, विकास, समानता और मानवीय शासन की उम्मीद कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री पद संभालने जा रहे विजय को हमारी तरफ से हार्दिक बधाई। तमिलनाडु ऐसे समय में है, जब वह बदलाव और नई उम्मीद की ओर देख रहा है। लोग सामाजिक न्याय, समानता, विकास और मानवीय शासन पर आधारित समावेशी तमिलनाडु चाहते हैं। हमें विश्वास है कि आपके नेतृत्व में जनता केंद्रित, पारदर्शी और बेहतर प्रशासन स्थापित होगा। तमिलनाडु के लोगों के लिए आपकी नई यात्रा सफल हो, इसके लिए हमारी हार्दिक शुभकामनाएं।
 

07:13 AM, 10-May-2026

विजय के आवास पर पहुंचे सेंगोट्टयन 

चेन्नई में टीवीके के प्रमुख और अभिनेता विजय के आवास पर नवनिर्वाचित विधायक केए सेंगोट्टयन पहुंचे हैं। सेंगोट्टयन उन प्रमुख नेताओं में शामिल हैं जो विजय की नई कैबिनेट का हिस्सा बन सकते हैं, ऐसे में इस बैठक को सरकार के आगामी स्वरूप और मंत्रिमंडल के गठन की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
 
 

07:10 AM, 10-May-2026

तमिलनाडु के लिए रवाना हुए राहुल गांधी

विपक्ष के नेता राहुल गांधी दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के लिए रवाना हो गए हैं, जहां वे आज तमिलनाडु के मनोनीत मुख्यमंत्री विजय के भव्य शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होकर उन्हें अपनी शुभकामनाएं देंगे।
 

03:25 AM, 10-May-2026

विजय के पहले कैबिनेट में शामिल होंगे ये 9 दिग्गज, गृह मंत्रालय अपने पास रख सकते हैं थलापति!

समाचार एजेंसी आईएएनएस ने सूत्रों के अनुसार जानकारी दी है कि शासन और कानून-व्यवस्था पर अपनी सीधी पकड़ बनाए रखने के लिए विजय ने गृह, पुलिस और लोक प्रशासन जैसे सबसे महत्वपूर्ण विभाग अपने पास रखने का निर्णय लिया है। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। द्रविड़ राजनीति के पारंपरिक गढ़ों को चुनौती देकर सत्ता के शीर्ष पर पहुंचे विजय की पहली कैबिनेट में अनुभव और युवा जोश का अनूठा संतुलन देखने को मिलेगा।

सरकार गठन के पहले चरण में विजय के साथ नौ मंत्रियों के शपथ लेने की संभावना है। कैबिनेट की संभावित सूची में वरिष्ठ नेता केए सेंगोट्टयन को लोक निर्माण विभाग और एन आनंद को नगर प्रशासन की जिम्मेदारी दी जा सकती है। ऊर्जा क्षेत्र की कमान सीटीआर. निर्मल कुमार को मिलने की उम्मीद है, जबकि खेल विकास विभाग आधव अर्जुना को सौंपा जा सकता है। आदि द्रविड़ कल्याण के लिए राज मोहन और अल्पसंख्यक कल्याण के लिए वीएनएस मुस्तफा के नामों पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा, शिक्षा क्षेत्र में सुधार के लिए पी वेंकटरमणन को स्कूल शिक्षा और अरुण राज को वाणिज्यिक कर एवं पंजीकरण विभाग सौंपा जा सकता है। विधानसभा चुनाव के बाद टीवीके को समर्थन देने वाली कांग्रेस पार्टी को भी मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिलेगा। खबर है कि कांग्रेस नेता राजेश कुमार और विश्वनाथन को कैबिनेट मंत्री के रूप में शामिल किया जा सकता है।

03:19 AM, 10-May-2026

चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में लिखी जा रही है नई राजनीतिक गाथा

चेन्नई का जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, जिसे खेल जगत में 'मरीना एरिना' के नाम से जाना जाता है, आज अपने 80 साल के सफर में एक अभूतपूर्व मोड़ पर खड़ा है। 1946 में 'कॉरपोरेशन स्टेडियम' के रूप में पीपल पार्क की जमीन पर बना यह मैदान कभी मद्रास के क्रिकेट का मक्का हुआ करता था। 1956 से 1965 के बीच यहां नौ ऐतिहासिक टेस्ट मैच खेले गए, जिनमें भारत की न्यूजीलैंड पर पहली पारी से जीत जैसे कीर्तिमान दर्ज हैं। 1993 में तत्कालीन मुख्यमंत्री जे जयललिता के कार्यकाल में मात्र 234 दिनों के रिकॉर्ड समय में इसे विश्वस्तरीय मल्टी-पर्पज वेन्यू के रूप में पुनर्जीवित किया गया था। आज वही मैदान अपनी खेल विरासत को पीछे छोड़कर एक ऐतिहासिक सत्ता परिवर्तन का गवाह बनने जा रहा है।

तमिलनाडु की सियासत में यह पल इसलिए भी खास है क्योंकि यह स्टेडियम पहली बार किसी मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का मुख्य मंच बना है। पारंपरिक रूप से राजभवन या मद्रास विश्वविद्यालय के ऑडिटोरियम तक सीमित रहने वाला यह संविधानिक गौरव अब जनता के बीच 'मरीना एरिना' की विशाल दीर्घाओं तक पहुंच गया है। थलापति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) की ओर से इस स्थान का चयन न केवल उनकी संगठनात्मक शक्ति का प्रदर्शन है, बल्कि यह उन द्रविड़ पार्टियों के दशकों पुराने वर्चस्व को एक सीधी चुनौती भी है, जिन्होंने राज्य की राजनीति को अपनी धुरी पर घुमाया है। स्टेडियम के आधुनिक सिंथेटिक ट्रैक और फ्लडलाइट्स आज खिलाड़ियों के बजाय एक नए नेतृत्व के स्वागत में जगमगा रहे हैं।

समारोह के बाद नई सरकार का गठन और कैबिनेट का विस्तार राज्य के प्रशासनिक भविष्य की नई दिशा तय करेगा। खेल प्रेमियों के लिए जो मैदान फुटबॉल और एथलेटिक्स का गढ़ था, वह अब शपथ का मैदान के रूप में इतिहास में दर्ज होने जा रहा है। जयललिता के समय हुए इसके कायाकल्प से लेकर आज एक नए युग की शुरुआत तक, नेहरू स्टेडियम ने तमिलनाडु के बदलते सामाजिक और राजनीतिक मिज़ाज को करीब से देखा है। 

01:59 AM, 10-May-2026

ओडिशा: सुदर्शन पटनायक ने रेत पर उकेरी विजय की छवि; दी बधाई

विश्वप्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी के समुद्र तट पर अपनी अद्भुत रेत कला के माध्यम से थलापति विजय को उनकी ऐतिहासिक चुनावी सफलता और मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने से पहले विशेष बधाई दी है। पटनायक ने रेत पर विजय की एक भव्य और सजीव आकृति उकेरी है, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। दक्षिण की राजनीति में उनके उदय को पटनायक ने अपनी कला के जरिए एक नए राजनीतिक युग की शुरुआत के रूप में प्रदर्शित किया है। इस कलाकृति को देखने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है।
 

01:52 AM, 10-May-2026

थलपति विजय के राज्याभिषेक की तैयारी; 13 मई तक साबित करेंगे बहुमत

विजय चेन्नई के नेहरू स्टेडियम में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल ने विजय को सरकार बनाने का न्योता देते हुए 13 मई तक सदन में अपना बहुमत साबित करने का निर्देश दिया है। इस ऐतिहासिक शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सहित देश की कई बड़ी राजनीतिक हस्तियों और फिल्मी सितारों के शामिल होने की उम्मीद है।

विजय ने चुनाव प्रचार के दौरान भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन और पारदर्शी शासन का संकल्प लिया था, जिसे अमलीजामा पहनाने की चुनौती अब उनके कंधों पर है। शपथ लेने के तुरंत बाद, नए मुख्यमंत्री की ओर से कुछ प्रमुख जनहितकारी योजनाओं और वादों से जुड़ी फाइलों पर हस्ताक्षर करने की संभावना है। समारोह स्थल पर भारी भीड़ को देखते हुए ड्रोन के जरिए पल-पल की निगरानी रखी जा रही है।

01:24 AM, 10-May-2026

पिछले घंटों का घटनाक्रम

  • टीवीके ने अकेले चुनाव लड़ा और 108 सीटें हासिल कीं। 
  • शुरुआती दिनों में समर्थन जुटाने में चुनौती रही। कांग्रेस के पांच विधायकों का समर्थन मिला, लेकिन वीसीके की ओर से शुरुआत में अनिश्चितता थी।  
  • 9 मई को वीसीके थोल. थिरुमावलवन और आईयूएमएल ने समर्थन दिया, जिससे आंकड़ा 120+ पहुंच गया।  
  • विजय टीवीके विधायक दल के नेता चुने गए। उन्होंने राज्यपाल से मुलाकात की और दावा पेश किया।  
  • पहले शपथ ग्रहण में देरी हुई क्योंकि गवर्नर ने लिखित समर्थन पत्रों की मांग की थी। अब बाधा दूर हो गई  है। 

01:24 AM, 10-May-2026

शपथ ग्रहण समारोह में दिग्गजों का जमावड़ा

इस समारोह में देश भर के बड़े राजनेताओं के जुटने की उम्मीद है। राहुल गांधी समेत विपक्ष के कई प्रमुख चेहरे इस कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं। प्रशंसकों के भारी उत्साह को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। स्टेडियम के बाहर और चेन्नई की सड़कों पर 10,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात हैं। हर तरफ टीवीके के झंडे और विजय के पोस्टर नजर आ रहे हैं।

01:12 AM, 10-May-2026

Tamil Nadu CM: तमिलनाडु विधानसभा का पहला सत्र कल, स्पीकर-डिप्टी स्पीकर चुनाव 12 मई को; CM विजय का बड़ा एलान

शानदार बहुमत के बाद विजय को सहयोगियों का साथ
विजय की पार्टी ने तमिलनाडु विधानसभा चुनावों में 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। बहुमत के जादुई आंकड़े 118 को पार करने के लिए उन्हें कांग्रेस, वीसीके और वामदलों का समर्थन प्राप्त है। अब कुल 120 विधायकों के समर्थन के साथ विजय सरकार बनाने जा रहे हैं। यह जीत इसलिए भी बड़ी है क्योंकि इसने दशकों पुराने द्रविड़ दलों के वर्चस्व को चुनौती दी है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, विजय ने राज्यपाल से मुलाकात की और 120 विधायकों के समर्थन पत्र सौंपे। वीसीके 2 सीटें और आईयूएमएल ने बिना शर्त समर्थन दिया है। कांग्रेस, सीपीआई, सीपीएम आदि का पहले से समर्थन मिल चुका है। राज्यपाल ने दावे को स्वीकार करते हुए शपथ ग्रहण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है। शपथ कल दोपहर 3 बजे नेहरू स्टेडियम में प्रस्तावित है, जहां विजय के साथ 9 अन्य मंत्री भी शपथ ले सकते हैं।

ये भी पढ़ें:-

विजय पदार्पण के साथ ही सत्ता के करीब: 8 ग्राम सोना मुफ्त जैसे वादों से द्रविड़ किला फतह, मिलेगा कांटों भरा ताज

क्या स्टालिन की वजह से थलापति को मिली 'विजय': किसने लिखी पूरी स्क्रिप्ट, पक्ष-विपक्ष का ये कैसा गठजोड़?

सीएम बनने वाली पहली अभिनेत्री नहीं थीं जयललिता; ये दिग्गज भी राजनीति में उतरे, अब विजय बनेंगे नए मुख्यमंत्री

नए नायक का उदय: तमिलनाडु में विजय ने भेदी द्रविड़ राजनीतिक दलों की दीवार

जोसेफ विजय कैसे बने फैंस के ‘थलापति’, क्या है इस नाम के पीछे की कहानी? शाहरुख के इस निर्देशक से है खास कनेक्शन




 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें