अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को प्रसारित हुए एक इंटरव्यू में कहा कि हो सकता है रक्षा मंत्री जिम मैटिस अपना पद छोड़ दें। बता दें कि मैटिस को ट्रंप कैबिनेट के सबसे स्थिर, लेकिन सबसे स्वतंत्र सदस्य के रूप में देखा जाता है। सेना से फोर स्टार जनरल के तौर पर सेवानिवृत्त मैटिस ने ट्रंप की तरफ से अमेरिका के सहयोगी देशों के साथ कठोर व्यवहार के दौरान लो प्रोफाइल रहते हुए मामले को संभालने की भूमिका निभाई है।
सीबीएस चैनल के एक कार्यक्रम में इंटरव्यू के दौरान ट्रंप से पूछा गया था कि वह कब चाहेंगे कि मैटिस पद छोड़ दें। ट्रंप ने कहा, यदि आप सच जानना चाहते हैं तो मेरे ख्याल से वह एक किस्म के डेमोक्रेट (विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी का समर्थक) है। ट्रंप ने अपने इंटरव्यू में आगे कहा, लेकिन जनरल मैटिस एक अच्छे आदमी हैं। हमारा साथ अच्छा रहा है। वह शायद छोड़ दे। मेरा मतलब है कि एक समय आने पर सभी छोड़ देते हैं। ट्रंप ने कहा कि उन्होंने दो दिन पहले मैटिस के साथ लंच किया था और तब उन्होंने नहीं कहा था कि वह छोड़कर जा रहे हैं।
मैटिस को लेकर यह बात ट्रंप की तरफ से अपनी कैबिनेट में संभावित बदलावों का इशारा करने के बाद पूछी गई थी। पिछले सप्ताह ट्रंप की कैबिनेट में शामिल भारतीय मूल की निक्की हेली ने संयुक्त राष्ट्र में अमेरिकी राजदूत पद से इस्तीफा देकर सभी को चौंका दिया था। ट्रंप ने इन सब बातों को लेकर कहा, मैं अपने चारों तरफ की चीजों में बदलाव चाहता हूं और मैं ऐसा करने का अधिकारी हूं। मेरे पास अब स्टैंड बाई पर आदमी हैं और ये अद्भुत है। वे प्रशासन में आएंगे और वे असाधारण साबित होंगे।