त्रिपुरा में हाल ही में फैली हिंसा और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली सोशल मीडिया पोस्ट पर कार्रवाई करते हुए त्रिपुरा पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के चार वकीलों पर गैर कानूनी गतिविधियां(यूएपीए) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसके साथ ही वकीलों पर अन्य धाराएं भी लगाई गई हैं। पश्चिम त्रिपुरा जिले के पुलिस अधीक्षक मणिक दास ने बताया कि वकीलों को नोटिस भी भेजा गया है और उन्हें 10 नवंबर को पूछताछ के लिए तलब किया गया है। जिन वकीलों को नोटिस भेजा गया है, उनमें सुप्रीम कोर्ट के एहतेशाम हाशमी, अधिवक्ता अमित श्रीवास्तव, अंसार इंदौरी, मुकेश कुमार शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला
पिछले दिनों बांग्लादेश में हिंदुओं पर हुए हमले के विरोध में विश्व हिंदू परिषद की ओर से 26 अक्तूबर को रैली का आयोजन किया गया था। इस दौरान कथित तौर पर एक स्थानीय मस्जिद में तोड़फोड़ की गई और कुछ दुकानों में आग लगा दी गई। इस हिंसा के बाद सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसे त्रिपुरा का बताया गया।
पुलिस ने कहा- दोषियों को मिलेगी सजा
उत्तरी त्रिपुरा के पुलिस अधीक्षक भानुपद चक्रवर्ती ने कहा कि पास के रोवा बाजार में कथित तौर पर तीन घरों और कुछ दुकानों में तोड़फोड़ की गई थी। पुलिस का कहना है कि हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडियो किसके द्वारा वायरल की गई थी, जिससे राज्य में कानून व्यवस्था बिगड़ी।