ईडी ने कहा, जांच में पाया गया कि आरोपियों के बैंक खातों और उनके परिवार के बैंक खातों में भी बड़ी मात्रा में नकदी जमा की गई थी। तलाशी के दौरान 2 करोड़ रुपये की राशि जब्त की गई है।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सोमवार को कहा कि उसने त्रिपुरा में ड्रग तस्करी के तीन अलग-अलग मामलों की जांच के लिए छापेमारी की है। इसके बाद एजेंसी ने धन शोधन रोधी कानून (पीएमएलए) के तहत दो करोड़ रुपये की बैंक में जमा राशि जब्त की है।
विज्ञापन
एजेंसी ने एक बयान में कहा, त्रिपुरा पुलिस ने आरोपी सुजीत सरकार, विजय पाल और परेश चंद्र राय के परिवार के सदस्यों के खिलाफ एफआईआर और चार्जशीट दाखिल की है। उन पर गांजे के भंडारण, तस्करी और बिक्री में सक्रिय भागीदारी का आरोप है, जो कि एनडीपीएस अधिनियम के तहत प्रतिबंधित है। इसी एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर ईडी ने राजधानी अगरतला और सिपाहीजला में छापेमारी की। एजेंसी ने कहा कि तीनों अलग-अलग ड्रग्स के मामलों में आरोपी हैं।
ईडी ने कहा, जांच में पाया गया कि उनके बैंक खातों और उनके परिवार के बैंक खातों में भी बड़ी मात्रा में नकदी जमा की गई थी। तलाशी के दौरान बैंक खाते में उपलब्ध बैलेंस, सावधि जमा, बीमा पॉलिसियों और अचल संपत्तियों के दस्तावेजों के रूप में 2 करोड़ रुपये की राशि जब्त की गई है।