त्रिपुरा के खोवई जिले में एक विवाहित व्यक्ति से कथित संबंध रखने पर गांववालों ने एक 17 वर्षीय आदिवासी लड़की के साथ बुरी तरह से मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिसके बाद एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
'विवाद' सुलझाने के लिए गांववालों ने बुलाई सुलह बैठक
तेलियामुरा पुलिस थाने के प्रभारी अधिकारी (सीओ) सुब्रत चक्रवर्ती के मुताबिक, नाबालिग लड़की को कथित तौर पर दो बच्चों के एक पिता से प्यार हो जाने से 'विवाद' हो गया। जिसे सुलझाने के लिए अगरतला से 49 किलोमीटर दूर चांगलोंग गांव में एक सुलह बैठक बुलाई गई थी।
नाबालिग को लात-घूसों से पीटकर सुलह सभा से बाहर निकाला
अचानक से ग्रामीणों का एक समूह हिंसक हो गया और यह आरोप लगाते हुए लड़की के साथ मारपीट करने लगा कि उसने दो बच्चों के पिता के साथ संबंध बनाए हैं। वीडियो क्लिप में गुस्साए ग्रामीण नाबालिग को बुरी तरह पीटते और लात-घूसों से सभा से बाहर निकालते नजर आ रहे हैं।
पीड़िता ने गांववालों पर लगाया दबाव डालने का आरोप
वहीं, नाबालिग लड़की ने दावा किया कि कुछ गांववालों ने ने उस पर पुलिस में शिकायत दर्ज न करने का दबाव डाला और उसे आश्वासन दिया कि इस मामले को एक और ग्राम स्तरीय बैठक के जरिए सुलझा लिया जाएगा। हालांकि, उसने गुरुवार को तेलिमुरा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई।
मामले में महिला समेत चार ग्रामीण गिरफ्तार
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस शुक्रवार को हरकत में आई। प्रभारी अधिकारी ने बताया कि लड़की पर हमला करने के आरोप में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जांच अधिकारी ने घटना की जांच शुरू कर दी है।
तमिलनाडु: बेटी को लेने आए माता-पिता के साथ मारपीट
वहीं, दूसरी ओर तमिलनाडु के मदुरै में 2 नवंबर को श्री मीनाक्षी गवर्नमेंट आर्ट्स कॉलेज फॉर विमेन से अपनी बेटी को लेने आए माता-पिता के साथ कुछ युवकों ने मारपीट की। मदुरै के पुलिस कमिशनर ने बताया कि मामले में अबतक छह लोगों को गिरफ्तारी की जा चुकी है। पुलिस ने धारा 341, 308, 506 (2) और तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था।