सीएम शिंदे बोले- महायुति 'फ्लाइट और फाइट' के लिए तैयार
हरियाणा विधानसभा चुनावों में सहयोगी भाजपा की ऐतिहासिक जीत से उत्साहित महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने शुक्रवार को घोषणा की कि उनका सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति चुनावी राज्य में 'फ्लाइट और फाइट' दोनों के लिए तैयार है। यह बात उन्होंने राज्य विधानसभा चुनावों के संदर्भ में कही, जिनकी घोषणा किसी भी दिन हो सकती है।
बता दें कि रायगढ़ जिले के निकटवर्ती उल्वे में आगामी नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय वायुसेना के विमान की ट्रायल लैंडिंग देखने के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए सीएम शिंदे ने कहा कि उनकी सरकार 31 मार्च, 2025 की निर्धारित समय सीमा से पहले हवाई अड्डे से वाणिज्यिक परिचालन शुरू करने का प्रयास कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रीनफील्ड नवी मुंबई हवाई अड्डा उच्च क्षमता वाला होगा और देश की बड़ी विमानन सुविधाओं में से एक होगा। इस सुविधा को लोगों के लिए एक बड़ा उपहार बताते हुए शिंदे ने कहा कि एक बार इसके चालू हो जाने पर व्यस्त मुंबई हवाई अड्डे पर भीड़भाड़ काफी कम हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 21.8 किलोमीटर लंबे 6 लेन वाले समुद्री पुल अटल सेतु के निर्माण के कारण, आगामी हवाई अड्डा मुंबई और नवी मुंबई दोनों के करीब हो गया है।
'केंद्र से रतन टाटा के लिए भारत रत्न की मांग'
इस दौरान सीएम एकनाथ शिंदे ने कहा, रतन टाटा एक 'अनमोल रतन' थे। हमने केंद्र से रतन टाटा को भारत रत्न देने का प्रस्ताव रखा है।
2025 की शुरुआत में चालू होगा नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट
वहीं अदाणी समूह की तरफ से कहा गया कि, नवी मुंबई अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए एक ऐतिहासिक क्षण में, भारतीय वायु सेना (आईएएफ) का एक विमान सफलतापूर्वक इसके दक्षिणी रनवे पर उतरा। IAF C-295, एक बड़े बहु-भूमिका सामरिक एयरलिफ्ट की उद्घाटन लैंडिंग, अडानी समूह के ग्रीनफील्ड अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो महामारी के दौरान अगस्त 2021 में शुरू हुआ और 2025 की शुरुआत में चालू होने वाला है।