दक्षिणी दिल्ली में केंद्रीय कॉलोनियों के पुनर्विकास के लिए पेड़ काटने के खिलाफ पर्यावरण के मुद्दे को लेकर पेड़ों को बचाने वालों के लिए एक अच्छी खबर आई है। दक्षिणी दिल्ली के सरोजिनी नगर के अलावा कस्तूरबा नगर, नेरोजी नगर, नेताजी नगर, त्याग राज नगर और मोहम्मद पुर में पेड़ों को जो क्षति पहुंचाई गई थी उसको लेकर वृक्ष अधिकारी एवं उपवन संरक्षक (दक्षिणी) दिल्ली ने नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन (एनबीसीसी) को 6 अगस्त 2018 (सोमवार) को उपस्थित होने के लिए एक कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
साथ ही वृक्ष अधिकारी ने नेताजी नगर और त्यागराज नगर में होने वाले पेड़ों की हत्या पर अपने विचार भी दिए हैं। वन अधिकारियों की एक टीम ने उक्त क्षेत्रों का दौरा किया जिसमें उच्च न्यायालय और एनजीटी प्रवास आदेश का उल्लंघन पाया। वन अधिकारियों ने देखा कि पेड़ों को मलबे के नीचे दबा दिया गया था और निर्माण सामग्री के साथ भी अवरुद्ध भी किया गया था।
बता दें कि इससे पहले हाईकोर्ट ने आवास और पर्यावरण मंत्रालय के साथ एनबीसीसी, सीपीडब्यूडी और दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण कमेटी को नोटिस भेजा था। हालांकि दक्षिणी दिल्ली में केंद्रीय कॉलोनियों के पुनर्विकास के लिए पेड़ काटने के खिलाफ दायर याचिका पर दिल्ली हाईकोर्ट में सुनवाई चल रही है।