जम्मू-कश्मीर का दावर, उत्तराखंड का सर्मोली, मध्य प्रदेश का मंडला, मिजोरम का रेइएक व केरल के कन्थाल्लूर गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार मिला है। केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय ने बुधवार को विश्व पर्यटन दिवस पर भारत मंडपम में सांस्कृतिक विरासत, सतत विकास के संरक्षण के लिए पांच गांवों को स्वर्ण, 10 को सिल्वर और 20 गांवों को कांस्य श्रेणी में सम्मानित किया है। यूपी के कोरुणा को रजत तो हरियाणा के तलाव, हिमाचल प्रदेश के चितकुल, पंजाब के नवान्पिंद सर्दारण को कांस्य पुरस्कार मिला है। वहीं, बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के किरीटेश्वरी गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव के लिए पुरस्कृत किया गया है।
केंद्रीय पर्यटन व रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट ने भारत मंडपम में आयोजित कार्यक्रम में 'ट्रैवल फॉर लाइफ' का शुभारंभ भी किया। उन्होंने कहा कि ' ट्रैवल फॉर लाइफ' कार्यक्रम मिशन लाइफ का हिस्सा है, जो धरती को टिकाऊ बनाने का मार्ग प्रशस्त करता है। जी-20 शिखर सम्मेलन ने वैश्विक एकता और सहयोग बनाने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को प्रदर्शित और प्रतिबिंबित किया है। उन्होंने सैलानियों, व्यवसायी और सभी नागरिकों से यात्रा के दौरान पर्यावरण को बचाने का ध्यान रखने का भी आग्रह किया। इससे पहले, पर्यटन सचिव वी. विद्यावती ने 'ट्रैवल फॉर लाइफ' और इसके विविध आयामों की समीक्षा रिपोर्ट दी।