वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बी श्रीनिवासन को गुरुवार को पुडुचेरी पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया। वहीं आईपीएस अधिकारी अनिल शुक्ला को मिजोरम का पुलिस प्रमुख भी नियुक्त किया है।
भारत सरकार ने विभिन्न आईपीएस ऑफिसर के तबादले पर मुहर लगा दी है। गृह मंत्रालय की ओर से जारी लिस्ट के अनुसार, वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बी श्रीनिवासन को गुरुवार को पुडुचेरी पुलिस महानिदेशक नियुक्त किया गया।
विज्ञापन
बी श्रीनिवासन ने जम्मू-कश्मीर पुलिस की खुफिया शाखा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। श्रीनिवासन मनोज कुमार लाल की जगह लेंगे जिन्हें आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली बुलाया गया है। श्रीनिवासन 1990 बैच के आईपीएस अधिकारी है।
इसी के साथ गृह मंत्रालय ने आईपीएस अधिकारी अनिल शुक्ला को मिजोरम का पुलिस प्रमुख भी नियुक्त किया है। शुक्ला ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी में अपने कार्यकाल के दौरान जम्मू-कश्मीर में कई आतंकवाद संबंधी अपराधों की जांच की थी और अपने कार्यकाल के दौरान अलगाववादियों पर एक बड़ी कार्रवाई की थी। उन्होंने देवेश चंद्र श्रीवास्तव की जगह पदभार ग्रहण किया है जिन्हें अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के महानिदेशक के रूप में स्थानांतरित किया गया है।
विज्ञापन
वहीं, अरुणाचल प्रदेश पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्यरत एजीएमयूटी के 1992 के आईपीएस अधिकारी सतीश गोलचा को आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली बुलाया गया है। उनकी जगह 1994 बैच के अधिकारी आनंद मोहन लेंगे।
एक अन्य तबादले में 1994 बैच के आईपीएस अधिकारी नीरज ठाकुर को आगे की पोस्टिंग के लिए दिल्ली स्थानांतरित किया गया है। वह अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पुलिस महानिदेशक के रूप में कार्यरत थे।