अब उपभोक्ता 130 रुपये प्रतिमाह में 100 स्टैंडर्ड डेफिनिशन (एसडी) चैनल देख सकेंगे। हालांकि इन पर लगने वाला टैक्स इससे अलग होगा। प्रसारण नियामक ट्राई ने शुक्रवार को यह नया टैरिफ आदेश जारी कर दिया।
ट्राई द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि शुरुआती 100 स्टैंडर्ड डेफिनिशन (एसडी) चैनलों के लिए आवश्यक नेटवर्क क्षमता ग्राहक द्वारा टीवी चैनल वितरक को 130 रुपये तक की राशि का भुगतान करके प्राप्त की जा सकती है। इसमें टैक्स शामिल नहीं है।
नियामक के अनुसार, इस नेटवर्क क्षमता शुल्क (एनसीएफ) के अतिरिक्त फ्री-टू-एयर चैनल अथवा फ्री-टू-एयर चैनलों का ग्रुप चुनने पर ग्राहक से कोई चार्ज नहीं लिया जाएगा। ट्राई द्वारा यह भी कहा गया है कि शुरुआती 100 चैनलों की क्षमता के बाद ग्राहक 25 एसडी चैनलों के एक स्लैब का चयन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें टैक्स के अतिरिक्त 20 रुपये प्रति स्लैब चुकाने होंगे। हालांकि ग्राहक को पे चैनलों अथवा पे चैनलों के ग्रुप के लिए एनसीएफ के अलावा अतिरिक्त शुल्क चुकाना होगा।